चण्डीगढ़। सीमा सुरक्षा बल पश्चिम कमान के मुख्यालय में आज एक भावनात्मक पल का साक्षी बना जब महानिरीक्षक (मानव संसाधन एवं लॉजिस्टिक) प्रमोद कुमार यादव ने राष्ट्र सेवा के अपने 38 वर्ष के गौरवशाली कार्यकाल के उपरांत सेवानिवृत्ति ग्रहण की। सेवा की यह यात्रा केवल वर्षों की गणना नहीं, बल्कि कर्तव्यनिष्ठा, साहस और राष्ट्रभक्ति का जीवंत उदाहरण रही है।
देश के दुर्गम से लेकर अति दुर्गम सीमांत क्षेत्रों में अपनी कर्मनिष्ठा से पहचान बनाने वाले श्री यादव ने तीन बार विभिन्न विशिष्ट संस्थानों में प्रतिनियुक्त होकर उल्लेखनीय योगदान दिया। उनकी ऑपरेशनल उपलब्धियों के चलते उन्हें दो बार ‘वीरता के लिए राष्ट्रपति पुरस्कार’, ‘सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक’, तथा महानिदेशक, सीमा सुरक्षा बल द्वारा सम्मानित किया जा चुका है।
इसी अवसर पर उप निरीक्षक जोगिन्दर सिंह भी अपनी 40 वर्ष की उत्कृष्ट सेवा पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए। दोनों ही अधिकारियों के प्रति बीएसएफ परिवार ने असीम सम्मान और आत्मीयता व्यक्त की। पश्चिम कमान मुख्यालय परिसर में आयोजित विदाई समारोह में महानिरीक्षक (ऑपरेशन) हरबख्श सिंह ढिल्लों ने श्री यादव और श्री जोगिन्दर सिंह को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके अनमोल योगदान के प्रति पूरी पश्चिम कमान की ओर से कृतज्ञता और शुभकामनाएं प्रकट कीं।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं जवानों ने कहा कि श्री प्रमोद कुमार यादव जैसी हस्तियाँ सीमा सुरक्षा बल की गौरवशाली परंपरा को नई ऊँचाइयाँ प्रदान करती हैं। उनका जीवन अनुशासन, परिश्रम और देशप्रेम का प्रेरक प्रतीक है।
सेवानिवृत्ति के इस अवसर पर पूरा पश्चिम कमान परिवार उन्हें स्वस्थ, सुखमय और गौरवपूर्ण जीवन की मंगलकामनाएँ अर्पित करता है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Post Comments