लखीमपुर खीरी। पंडित दीनदयाल उपाध्याय सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज सीबीएसई बोर्ड, लखीमपुर खीरी में शारदीय नवरात्र के प्रथम दिवस पर मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप शैलपुत्री की विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती का आयोजन बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य अरविंद सिंह चौहान द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं देवी मां के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात् विद्यालय परिवार के आचार्यगण, आचार्याएँ एवं छात्र-छात्राओं ने माँ शैलपुत्री की आरती गाकर वातावरण को भक्ति और श्रद्धा से सराबोर कर दिया। पूरे विद्यालय परिसर में “जय माता दी” के स्वर गूंज उठे।
प्रधानाचार्य श्री चौहान ने अपने उद्बोधन में कहा कि नवरात्रि के नौ दिवस केवल धार्मिक अनुष्ठान भर नहीं हैं, बल्कि ये साधना, आत्मसंयम और शक्ति की साधना के प्रतीक हैं। माँ शैलपुत्री का पूजन जीवन में शुद्धता, साहस और दृढ़ संकल्प को धारण करने की प्रेरणा देता है।
विद्यालय के आचार्यगणों ने भी छात्रों को नवरात्रि की महत्ता समझाते हुए बताया कि यह पर्व नारी शक्ति के जागरण और साधना का प्रतीक है। छात्र-छात्राओं ने भक्ति गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम में आध्यात्मिक वातावरण का संचार किया।
पूरे आयोजन में विद्यालय परिवार का विशेष योगदान रहा। अंत में सामूहिक आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ प्रथम दिवस का यह पावन आयोजन संपन्न हुआ।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Post Comments