लखीमपुर-खीरी। परिषदीय शिक्षा व्यवस्था को नवीन स्वरूप देने और बच्चों को सुरक्षित, प्रेरणादायी तथा समग्र विकासोन्मुख वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जनपद-खीरी में ऑपरेशन कायाकल्प एवं मिशन मैदान जैसी ऐतिहासिक पहलें शिक्षा की तस्वीर और तक़दीर बदल रही हैं।
विद्यालयों का कायाकल्प : आधारभूत संरचना में ऐतिहासिक सुधार
ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत जनपद के लगभग सभी विद्यालयों को निर्धारित पैरामीटर्स से संतृप्त किया जा चुका है। विद्यालयों में स्वच्छ पेयजल, बालक-बालिका एवं दिव्यांग अनुकूल शौचालय, मल्टीपल हैंडवॉश स्टेशन, आकर्षक टाइल्स लगे कक्षा-कक्ष, स्मार्ट बोर्ड, स्वच्छ रसोईघर, विद्युत आपूर्ति, पुस्तकालय, फर्नीचर और स्वास्थ्य सुविधाएँ सुसज्जित की गई हैं। साथ ही, रंग-रोगन से निखरे भवन और हरे-भरे प्रांगण ने विद्यालयों को अध्ययन के साथ-साथ सृजन और संवेदनशीलता का केंद्र बना दिया है। वर्तमान में जनपद के 99.74 प्रतिशत विद्यालय कायाकल्प पैरामीटर्स से संतृप्त हैं, जो उत्तर प्रदेश स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि है।
मिशन मैदान : शिक्षा और खेल का संगम
जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल के नवाचारी नेतृत्व में प्रारंभ हुआ मिशन मैदान जनपद खीरी में शिक्षा और खेल को जोड़ने वाली क्रांतिकारी पहल सिद्ध हुआ है। इसके अंतर्गत विद्यालयों में सुव्यवस्थित प्ले ग्राउंड एवं सुरक्षित रूफटॉप मैदान विकसित किए गए हैं। जिला प्रशासन, पंचायत विभाग और पीडब्ल्यूडी के सहयोग से तैयार ये खेल मैदान प्रदेश ही नहीं, राष्ट्रीय स्तर पर भी उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं।
परिणाम : आत्मविश्वास, अनुशासन और प्रतिस्पर्धा की भावना
खेल मैदानों ने बच्चों को आधुनिक खेल सुविधाएँ प्रदान करने के साथ ही उनके व्यक्तित्व में आत्मविश्वास, एकाग्रता, अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मकता का विकास किया है। बालक-बालिकाओं में शिक्षा के साथ खेल की समानांतर महत्ता स्थापित हुई है। विशेष रूप से बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण में खेल-कूद की स्वतंत्रता ने आत्मबल, आत्मरक्षा और उत्साह की नई ऊर्जा दी है। आज बालिकाएँ न केवल शिक्षा में, बल्कि खेलों में भी अपनी प्रतिभा का परचम फहरा रही हैं।
प्रतियोगिताएँ और अवसर
समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत विद्यालयों को खेल सामग्री उपलब्ध कराई गई है। जनपद स्तरीय प्रतियोगिताओं से लेकर मंडलीय एवं प्रदेश स्तरीय क्रीड़ा आयोजनों तक बच्चों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। इन प्रतियोगिताओं ने बच्चों में टीम भावना, शारीरिक स्फूर्ति और खेल कौशल का अद्भुत विकास किया है।
शिक्षा का नया स्वरूप
ऑपरेशन कायाकल्प और मिशन मैदान ने मिलकर जनपद-खीरी की परिषदीय शिक्षा को नया आयाम दिया है। अब ये विद्यालय केवल पठन-पाठन तक सीमित नहीं, बल्कि सृजनात्मकता, खेल भावना और सर्वांगीण विकास के केंद्र बन चुके हैं। यह परिवर्तन शिक्षा को “जीवन निर्माण की पूर्ण प्रक्रिया” के रूप में स्थापित कर रहा है और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की ठोस नींव रख रहा है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Post Comments