Breaking

रविवार, 21 सितंबर 2025

10 दिनों की होगी इस बार शारदीय नवरात्रि, मां दुर्गा हाथी पर करेंगी आगमन, सुख-समृद्धि का होगा संचार

प्रयागराज। आस्था और श्रद्धा का महापर्व शारदीय नवरात्रि इस बार एक अद्भुत संयोग लेकर आ रहा है। सामान्यतः नवरात्रि 9 दिनों की होती है, लेकिन इस वर्ष चतुर्थी तिथि की वृद्धि के कारण यह पर्व 10 दिनों तक चलेगा। मां दुर्गा का पूजन-अर्चन अब एक दिन और अधिक किया जाएगा, जिससे भक्तों की भक्ति और आस्था को दिव्य संबल मिलेगा।

22 सितंबर की रात 1:23 बजे से नवरात्रि का शुभारम्भ होगा। प्रतिपदा तिथि पर कलश स्थापना का पुण्यकाल सोमवार सुबह 6:09 बजे से 8:06 बजे तक और अभिजित मुहूर्त 11:49 बजे से 12:38 बजे तक रहेगा। इसी दिन मां दुर्गा गज (हाथी) पर सवार होकर अपने भक्तों के घर-आंगन में प्रवेश करेंगी। शास्त्रों में हाथी की सवारी को अत्यन्त मंगलकारी और सुख-समृद्धि का प्रतीक बताया गया है। इसका अर्थ है कि इस वर्ष मां जगदंबा के आशीष से घर-परिवार में उन्नति, धन-धान्य, शांति और सौभाग्य की वर्षा होगी।

🔘 मां के नौ रूपों का पूजन-विधान 

22 सितंबर : मां शैलपुत्री

23 सितंबर : मां ब्रह्मचारिणी

24 सितंबर : मां चंद्रघंटा

25 सितंबर : मां कूष्माण्डा

26 सितंबर : मां स्कंदमाता

27 सितंबर : मां कात्यायनी

28 सितंबर : मां कालरात्रि

29 सितंबर : मां महागौरी

30 सितंबर : मां सिद्धिदात्री


इस बार का नवरात्रि पर्व केवल आराधना और साधना का ही अवसर नहीं, बल्कि जीवन में सकारात्मकता और नई ऊर्जा का संचार करने वाला है। मां दुर्गा की गजवाहन पर सवारी स्पष्ट संदेश देती है कि आने वाला समय खेत-खलिहान, घर-परिवार और समाज के लिए सम्पन्नता और शांति लेकर आएगा।

 मां के जयकारों से गूंजेगा पूरा देश – “या देवी सर्वभूतेषु, शक्तिरूपेण संस्थिता, नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नमः” 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments