Breaking

शनिवार, 30 अगस्त 2025

फिर दागदार हुआ रिश्ता, जिस घर ने बचपन से दी पनाह, उसी घर में अपनी हमउम्र भतीजी का गला रेत चाचा ने की हत्या

फिर दागदार हुआ रिश्ता, जिस घर ने बचपन से दी पनाह, उसी घर में अपनी हमउम्र भतीजी का गला रेत चाचा ने की हत्या, अपना भी रेत लिया गला, चर्चाएं व्याप्त

दुल्लहपुर थानाक्षेत्र के देवरीडीह गांव में चाचा ने नृशंसता की हदें पार करते हुए न सिर्फ अपनी भतीजी का गला रेत दिया, बल्कि अपना भी गला रेत दिया। जिसके बाद खून से लथपथ दोनों को तत्काल अस्पताल वहां से जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां युवती को मृत घोषित करने के साथ ही गंभीर रूप से घायल युवक का इलाज शुरू कर दिया गया। वहीं घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घटना के बाद पूरे गांव में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं। चर्चा है कि भतीजी की शादी की बात सुनकर गुस्से में आकर उसने भतीजी का गला काट दिया। मऊ के दोहरीघाट स्थित हरौली निवासी 25 वर्षीय सुनील चौहान पुत्र सुरेंद्र चौहान देवरी डीह निवासिनी 23 वर्षीय मधु चौहान पुत्री दुर्गविजय सिंह का चचेरा चाचा था। दुर्गविजय कोलकाता में ट्रांसपोर्ट कंपनी में काम करते हैं। जिसके चलते वहीं रहना होता है। बीते कृष्ण जन्माष्टमी पर वो घर आए थे। मृतका मधु की दादी लीलावती ने बताया कि भतीजा लगने वाले सुनील के पिता की मौत हो गई थी। जिसके चलते वो बचपन से ही यहीं रहता था। बताया कि यहीं रहते हुए उसने बीटीसी की पढ़ाई की और उसे घर व पिता की कमी जरा भी महसूस नहीं होने दी गई। सुनील के बाद मधु ने भी बीटीसी की पढ़ाई पूरी कर ली थी। जिसके बाद परिजन उसके लिए लिए लड़का देख रहे थे। इधर सब कुछ ठीक चल रहा था। इस बीच शुक्रवार की सुबह घर के बड़े सदस्य काम के लिए खेत पर गए थे और बच्चे स्कूल गए थे। वहीं मधु की मां ममता देवी के बच्चेदानी का ऑपरेशन था तो वो मऊ स्थित अस्पताल में भर्ती थी। जिसके चलते घर पर सिर्फ भतीजी मधु व रिश्ते में उसका चाचा लगने वाला सुनील था। इस बीच सुनील घर में आया और हैवानियत दिखाते हुए धारदार हथियार से पहले मधु का गला रेत दिया। इसके बाद जब मधु लहूलुहान होकर वहीं गिर गई तो उसने अपना भी गला उसी हथियार से रेत लिया। जब ग्रामीणों ने चीख सुनी और अंदर पहुंचे तो अंदर का हाल देख पूरे गांव में हड़कंप मच गया। तत्काल परिजनों को सूचना देकर दोनों को जिला अस्पताल ले गए, जहां मुख्य नस कटने से अधिक खून बहने से युवती की मौत हो चुकी थी। वहीं युवक का इलाज शुरू कर दिया गया। लेकिन हालत में सुधार न होने पर उसे वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गय। इधर घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। मृतका 3 बहनों व 1 भाई में सबसे बड़ी थी। इस बाबत थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि इस बाबत अब तक तहरीर नहीं मिली है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बताया कि घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। हालांकि मौके से सुसाइड नोट मिलने की बात सामने आ रही है। पूरे गांव में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं। चर्चा है कि युवती के परिजनों ने जब शादी के लिए लड़का देखना शुरू किया तो इसी बात से गुस्से में आकर उसने घटना को अंजाम दिया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments