बेटे को न्याय न मिलने पर मां ने दी आत्मदाह की चेतावनी, जुलूस निकालकर डीएम-एसपी से मिले परिजनों ने की स्कूल व दोषियों पर कार्यवाही की मांग
गाजीपुर जिले के महराजगंज स्थित सनबीम स्कूल के 10वीं के छात्र आदित्य वर्मा की हत्या को लेकर परिजनों व भारी संख्या में आमजन ने गुरूवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया और जिला प्रशासन को पत्रक सौंपा। परिजनों ने आरोपियों को कड़ी सजा के साथ ही पूरे मामले को दबाने सहित खून धोकर व आरोपी को छिपाकर सुबूत छिपाने की कोशिश करने वाले स्कूल प्रशासन के खिलाफ भी कार्यवाही की मांग की। बता दें कि बीते 18 अगस्त की सुबह छात्रों के बीच मारपीट हुई थी। जिसमें कक्षा 9 के मनबढ़ छात्र ने अपने सहयोगी छात्र की मदद से चाकू मारकर आदित्य वर्मा की हत्या कर दी थी। वहीं कुछ अन्य बच्चे भी घायल हो गए थे। जिसके बाद पुलिस ने दोनों नाबालिग हत्यारोपियों को पकड़कर मजिस्ट्रेट के यहां पेश किया। वहां से दोनों को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। इधर पीड़ित परिवार का आरोप है कि हत्या जैसी संगीन घटना के बावजूद स्कूल प्रशासन घटना को छिपाने व दबाने के प्रयास में जुट गया और इसी के चलते उसने खून से लथपथ आदित्य को 15 से 20 मिनट तक अस्पताल पहुंचाने की बजाय वहीं छोड़ दिया। ऐसे में समय पर अस्पताल न ले जाने के कारण अधिक खून बहने से उसकी मौत हो गई। साथ ही स्कूल प्रशासन पर ये भी आरोप लगाया कि हत्या का सुबूत मिटाने के लिए स्कूल प्रशासन ने आदित्य के जमीन पर गिरे खून को साफ कराने के लिए वहां पोछा लगवा दिया। यहां तक कि खुद को बचाने के लिए ये कहानी तक गढ़ दी कि हत्यारोपी छात्र चाकू को अपने पानी की बोतल में छिपाकर ले गया था। जबकि बाद में पता चला कि वो चाकू अपने बैग में ही रखकर ले गया था। ऐसे में विरोध व स्कूल पर कार्यवाही की मांग करते हुए परिजनों ने व्यापार मंडल और स्वर्णकार संघ के साथ जमकर नारेबाजी करते हुए पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारी से मुलाकात की और उन्हें पत्रक सौंपा। आरोप लगाया कि 3 दिन बीत जाने के बावजूद न तो जिला प्रशासन और न ही स्कूल प्रशासन का कोई जिम्मेदार व्यक्ति पीड़ित परिवार से मिला है। व्यापारी संगठनों ने स्कूल प्रशासन की लापरवाही को मौत का कारण बताते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई व स्कूल की मान्यता रद्द करने की मांग की है। वहीं मृतक आदित्य के पिता शिवजी वर्मा ने आरोपियों को आजीवन कारावास के साथ ही स्कूल प्रशासन पर कड़ी कार्यवाही की मांग की है। मृतक की मां ने कहा कि अगर मेरे बेटे को न्याय नहीं मिला तो हम मुख्यमंत्री से मिलने लखनऊ तक जाएंगे और अगर वहां भी न्याय नहीं मिला तो विद्यालय के सामने आत्मदाह करने की धमकी दी। इस दौरान भीड़ देख मौके पर भारी संख्या में पुलिसफोर्स तैनात रही। वहीं लोगों में ये भी सवाल है कि आम व्यक्ति द्वारा सुबूतों से छेड़छाड़ करने पर उसके खिलाफ पुलिस सुबूत मिटाने की धारा में कार्यवाही करती है तो आखिर अब तक स्कूल प्रशासन किसके दबाव में पुलिसिया कार्यवाही से अछूता है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Post Comments