Breaking

सोमवार, 18 अगस्त 2025

घरेलू कलह से आजिज 75 की उम्र में वृद्धा गंगा में कूदी, 12 किलोमीटर दूर मछुआरों ने किया रेस्क्यू

घरेलू कलह से आजिज 75 की उम्र में वृद्धा गंगा में कूदी, 12 किमी दूर औड़िहार में बहता देख मछुआरों ने किया रेस्क्यू

सैदपुर थानाक्षेत्र के औड़िहार स्थित वाराह घाट पर गंगा नदी में डूबती हुई वृद्धा को देख वहां मौजूद स्थानीय मछुआरों ने गंगा में कूदकर वृद्धा की जान बचा ली और उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बाहर निकलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस व लोगों ने वृद्धा को अस्पताल पहुंचाया। पता चला कि काफी दूर वाराणसी जिले में परिजनों से नाराज होकर वृद्धा गंगा में कूद गई थी। वृद्धा को बचाने के बाद पुलिस ने परिजनों को बुलाकर उन्हें समझाया और वृद्धा को उन्हें सौंपा। मौधियां के टड़वां निवासिनी 75 वर्षीय बासमति देवी पत्नी स्व. बैजनाथ के घर में हमेशा विवाद होता रहता है। जिसके चलते बासमति बेहद परेशान हो चुकी थी। इस बीच रविवार को वो वाराणसी जिले के कैथी स्थित मारकंडेय महादेव धाम पर पहुंची और वहां से गंगा में छलांग लगा दिया। लेकिन गंगा में कूदने के बाद वृद्धा खुद को बचाने का प्रयास करने लगी। इधर तैरना जानने के चलते वो थोड़ा बहुत तैर रही थी, लेकिन बाढ़ के चलते गंगा में काफी तेज बहाव था और वो कैथी से गंगा में डूबते-उतराते करीब 12 किमी दूर औड़िहार के वाराह घाट के सामने पहुंची ही थी कि वहां मौजूद मछुआरों व समाजसेवी पिंटू यादव ने देख लिया। जिसके बाद मछुआरों ने अपनी जान जोखिम में डालकर तत्काल गंगा में कूदकर वृद्धा को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। लेकिन 12 किमी तक डूबने-उतराने की वजह से वृद्धा के पेट में काफी पानी चला गया था। जिसके बाद उन्हें फौरन अस्पताल ले जाया गया। जहां से उनके परिजनों को थाने बुलाया गया और कोतवाल योगेंद्र सिंह ने परिजनों व वृद्धा को समझाकर रविवार की शाम उन्हें परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। थाने पहुंचे वृद्धा के बेटे रामख्याल ने बताया कि 3 दिनों पूर्व मां का बहू से विवाद हुआ था। वहीं 75 वर्ष की उम्र में भी गृह कलह से आजिज आकर अपनी जान देने के लिए वृद्धा द्वारा गंगा में कूदने के घटना की पूरे क्षेत्र में चर्चा होती रही और सभी उनके परिजनों को कोसते रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments