Breaking

बुधवार, 20 अगस्त 2025

नशे में धुत ट्रैक्टर चालक ने उजाड़ दिया 2 परिवार, बेटी की शादी की तैयारियों में जुटे पिता समेत 2 की मौत

ददरा मोड़ पर नशे में धुत ट्रैक्टर चालक ने उजाड़ दिया 2 परिवार, बेटी की शादी की तैयारियों में जुटे पिता समेत 2 की मौत, 2 की हालत गंभीर

सिधौना खानपुर थानाक्षेत्र के ददरा मोड़ पर मंगलवार की शाम साढ़े 5 बजे बेहद दर्दनाक घटना हो गई, जिसमें शराब के नशे में धुत होकर ट्रैक्टर चला रहा चालक ट्रैक्टर लेकर घर के अगले हिस्से में घुस गया और वहां खड़े होकर बात कर रहे 4 लोगों को रौंद दिया। जिसमें अधेड़ व युवक की दर्दनाक मौत हो गई, वहीं दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। एक को वहीं भर्ती कराकर 3 को सैदपुर सीएचसी लाया गया, जहां 2 को मृत घोषित कर 1 को बेहद गंभीर अवस्था में वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया। इधर चिकित्सकों द्वारा मृत घोषित करने के बावजूद विश्वास न होने पर परिजन एक अधेड़ के शव को लेकर वाराणसी चले गए। ददरा मोड़ निवासी 45 वर्षीय हरिश्चंद्र प्रजापति पुत्र कन्हैया प्रजापति मुंबई में रहकर काम करते थे। उनके साथ उनके फुफेरा भाई 30 वर्षीय सोनू प्रजापति पुत्र जीउत प्रजापति व 38 वर्षीय हरिशंकर प्रजापति बंडल पुत्र रामा प्रजापति भी मुंबई में ही काम करते थे। वहीं 3 बहनों का लाडला इकलौता भाई व हरिश्चंद्र के बहनोई का बेटा 21 वर्षीय गोपी प्रजापति पुत्र गामा प्रजापति घर पर ही रहकर पढ़ाई करता था। उसके पिता घर पर ही मिट्टी के बर्तन आदि बनाकर परिवार का भरण पोषण करते हैं। बीते बुधवार को चचेरी बहन की मौत होने पर उसके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए हरिश्चंद्र सहित सोनू व हरिशंकर घर आए थे। इधर आगामी 26 नवंबर में हरिश्चंद्र की बेटी की शादी तय थी। जिसके लिए हरिश्चंद्र अभी से ही तैयारियां भी कर रहे थे। घर में भी सभी बेहद खुश थे। इस बीच आज सुबह भी वो बेटी की शादी के दहेज में बेड देने के लिए लकड़ी चिरवाकर लाए थे। इस बीच मंगलवार की शाम साढ़े 5 बजे हरिश्चंद्र, गोपी, हरिशंकर व सोनू घर के बाहर सीमेंटेड शेड के नीचे खड़े होकर आपस में शादी की तैयारियों को लेकर बात कर रहे थे कि तभी शराब के नशे में धुत होकर ट्रैक्टर चालक तेज रफ्तार में ट्रैक्टर लेकर आया और वहां अनियंत्रित होकर शेड के बाहर बनी दीवार को तोड़ते व चारों को रौंदते हुए अंदर घुस गया। लोगों ने बताया चालक इस कदर नशे में धुत था कि वो ट्रैक्टर की स्टेयरिंग छोड़कर दोनों हाथों से ताली बजाते हुए स्टंट दिखा रहा था। इधर घटना में हरिश्चंद्र व गोपी की मौके पर ही बेहद दर्दनाक मौत हो गई, वहीं सोनू के पैर में लोहे की रॉड घुसने से व हरिशंकर बेहद गंभीर रूप से घायल हो गए। हरिशंकर को फौरन स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। वहीं सोनू, हरिश्चंद्र व गोपी को सैदपुर सीएचसी लाया गया, जहां हरिश्चंद्र व गोपी को मृत घोषित कर सोनू को रेफर कर दिया गया। स्थानीय लोगों ने चालक को पकड़कर जमकर धुना और पुलिस को सौंप दिया। इधर घटना के बाद अस्पताल में चीख पुकार मच गई। परिजनों का करूण कंद्रन देख हर किसी की आंखें नम हो जा रही थी। हरिश्चंद्र के जिस बेटी की शादी नवंबर में तय थी, वो तो बार-बार अचेत हो जा रही थी। इधर परिजनों को हरिश्चंद्र की मौत का भरोसा नहीं हुआ तो वो निजी एंबुलेंस से उसके शव को लेकर वाराणसी के लिए रवाना हो गए। मृतक गोपी 3 बहनों का इकलौता भाई था तो हरिश्चंद्र भी अपने पीछे 3 बेटियां व 1 बेटा छोड़ गए हैं। सभी का रो-रोकर बुरा हाल है। इधर घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर चक्काजाम कर दिया। जिसके बाद मौके पर तहसीलदार हिमांशु सिंह 4 थानों की फोर्स के साथ पहुंचे और सभी को समझाया बुझाया। वहीं अस्पताल में नायब तहसीलदार अजय वर्मा व विश्राम यादव भी पहुंच गए थे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments