Breaking

रविवार, 22 जून 2025

Lmp. खीरी की तृप्ति अवस्थी को उत्तर प्रदेश हॉकी संघ में नई जिम्मेदारी, जिले का गौरव बनीं

दैनिक जनजागरण न्यूज, लखीमपुर खीरी। हॉकी के मैदान से लेकर विभिन्न दायित्वों तक समर्पण और संकल्प की प्रतीक बनीं लखीमपुर खीरी की तृप्ति अवस्थी को उत्तर प्रदेश हॉकी संघ का संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है। यह केवल एक पद नहीं, अपितु खेल संस्कृति को आगे बढ़ाने वाले उनके निःस्वार्थ प्रयासों की सार्वजनिक स्वीकृति और सम्मान है।

खीरी हॉकी एसोसियेशन की सक्रिय सचिव के रूप में उन्होंने न केवल बालिकाओं को खेल से जोड़ने का अथक प्रयास किया, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों से भी छिपी प्रतिभाओं को सामने लाने में एक सेतु का कार्य किया। उनके इस चयन ने जिले के खेलप्रेमियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और युवा खिलाड़ियों को नई ऊर्जा, नया विश्वास दिया है। श्रीमती तृप्ति अवस्थी के इस सम्मानित दायित्व पर नियुक्त होने की खबर मिलते ही जनपद भर से बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया। हर कोना गर्व से गूंज उठा यह हमारे जिले की बेटी है, जिसने मेहनत, लगन और निष्ठा से ये मुकाम पाया है। उनकी यह उपलब्धि न केवल व्यक्तिगत सम्मान है, बल्कि खीरी जनपद के लिए भी गर्व का विषय है। इस अवसर पर अनेक गणमान्यजनों ने शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए कहा कि यह नियुक्ति प्रदेश की हॉकी को एक नई दिशा और दशा देने में सहायक सिद्ध होगी। श्रीमती तृप्ति का यह उत्कर्ष संदेश है हर उस युवती के लिए, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखने का साहस रखती है। उनका जीवन प्रेरणा है कि जब संकल्प शुद्ध हो और कर्मनिष्ठा अडिग, तो कोई भी शिखर दूर नहीं।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments