Breaking

बुधवार, 28 मई 2025

चलती बाइक पर जेब में रखे वीवो मोबाइल के ब्लास्ट होने से भाई-बहन झुलसे

सादीभादी में चलती बाइक पर जेब में रखे वीवो मोबाइल ब्लास्ट होने से भाई-बहन झुलसे, न्यू लीलावती अस्पताल में बची जान

गाज़ीपुर सैदपुर थानाक्षेत्र के सादी भादी में तब हड़कम्प मच गया, जब चलती बाइक पर वीवो कम्पनी का मोबाइल तेज आवाज के साथ ब्लास्ट हो गया। घटना में मोबाइल धारक युवक बुरी तरह से झुलस गया। मोबाइल ब्लास्ट होने के चलते युवक की बाइक अनियंत्रित हुई और वो झुलसने के साथ ही सड़क पर गिरकर गम्भीर रूप से घायल भी हो गया। वहीं पीछे बैठी उसकी बहन का भी हाथ आंशिक रूप से झुलस गया और गिरने से वो भी थोड़ी घायल हो गयी। उपचार के लिए दोनों फौरन औड़िहार के सादी भादी स्थित न्यू लीलावती अस्पताल में लाया गया। जहां चिकित्सकों ने तत्परता से युवक का इलाज कर उसकी जान बचा ली। सिधौना के खरौना रामपुर निवासी 26 वर्षीय गोलू सिंह पुत्र विनोद सिंह वीवो कम्पनी का मोबाइल इस्तेमाल करता था। मंगलवार की दोपहर ढाई बजे वो बाइक से अपनी बहन गुंजन सिंह के साथ सैदपुर जा रहा था। मोबाइल उसकी जेब में रखा था। इस बीच सादी भादी में उसके पैंट की दाहिनी जेब में रखा मोबाइल अचानक से तेज आवाज में ब्लास्ट हो गया। ब्लास्ट होने के चलते उसके पैंट ने आग पकड़ ली और वो झुलस गया। जिससे बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई और वो गिरकर गम्भीर रूप से घायल हो गया। वहीं पीछे बैठी उसकी बहन का हाथ आंशिक रूप से जल गया और गिरने से उसे भी हल्की चोट लग गयी। घटना के बाद मौके पर हड़कम्प मच गया। इधर युवक को झुलसता देख मौके पर जुटे लोगों ने फौरन आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक आग से झुलसने व गिरने के कारण वो बुरी तरह से घायल हो चुका था। ये देखकर उसकी जान बचाने के लिए उसे फौरन सादी भादी के न्यू लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉ राजीव यादव, डॉ जेके पांडेय आदि ने लगातार इलाज करते हुए अथक प्रयासों से उसकी जान बचा ली। प्रबंधक नितेश यादव ने बताया कि अस्पताल में आये युवक की हालत काफी ज्यादा गम्भीर थी। लेकिन समय से आसपास पहुंच जाने व बेहतर इलाज मिल जाने से अब उसकी हालत स्थिर है। इधर चलती बाइक पर मोबाइल ब्लास्ट कर जाने की घटना का पता चलने पर पूरे क्षेत्र में हड़कम्प व भय का माहौल है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments