Breaking

शुक्रवार, 28 जून 2024

हॉकी खिलाड़ी राजकुमार पाल व ललित उपाध्याय का पेरिस ओलंपिक के लिए चयन, प्रदेश का रोशन किया नाम



गाज़ीपुर सैदपुर क्षेत्र के करमपुर से हॉकी का ककहरा सीखने वाले दो हॉकी खिलाड़ियों को खेलों के मामले में विश्व की सबसे सर्वश्रेष्ठ प्रतियोगिता यानी ओलंपिक में खेलने के लिए भारतीय टीम में चयन किया गया है। इस चयन के बाद पूरे सैदपुर सहित ग़ाज़ीपुर व पूरे उत्तर प्रदेश में हर्ष का माहौल है। पेरिस में होने वाले आगामी ओलंपिक में ग़ाज़ीपुर से दो हॉकी खिलाड़ियों के चयन ने जैसे जश्न का माहौल बना दिया है। करमपुर से हॉकी सीखने वाले व पिछले ओलंपिक में कांस्य जितने वाले हॉकी खिलाड़ी ललित उपाध्याय सहित सैदपुर क्षेत्र निवासी राजकुमार पाल का चयन हुआ है। ललित जहां टोक्यो में हुए पिछले ओलंपिक में खेलते हुए ओलंपिक कांस्य जीत चुके हैं, वहीं राजकुमार पाल को पहली बार ओलंपिक खेलने के लिए भारतीय टीम में चुना गया है। ललित वर्तमान में उत्तर प्रदेश पुलिस में डीएसपी हैं। पिता के निधन के बाद राजकुमार पाल की परवरिश बेहद मुफलिसी में हुई। 3 भाइयों का पालन पोषण किसी तरह से उनकी मां ने किया। इसके बाद मां की मेहनत का मान रखते हुए बड़े भाई जोखन पाल भारतीय सेना में भर्ती हो गए, वहीं छोटा भाई राजू भी रेलवे में नौकरी कर रहा है। राजकुमार को शुरू से ही भारत सहित अपनी मां का नाम रोशन करना था तो वो हॉकी को ही अपना जीवन समर्पित कर दिया। इसके बाद लगातार मेहनत करते हुए आज इस मुकाम पर पहुंचे कि उनका चयन विश्व की सबसे सम्मानित व सबसे बड़ी खेल प्रतियोगिता यानी ओलंपिक में खेलने के लिए हुआ है। अब ललित और राजकुमार दोनों लोग पेरिस ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम का हिस्सा होंगे और अपना प्रदर्शन करेंगे। इस दोहरी सफलता से पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments