Breaking

बुधवार, 15 मई 2024

अबकी बार 400 पार के नारे पर खरगे ने कहा,मैं शर्त लगाता हूं कि वे 200 पार नहीं कर रहे हैं

लखनऊ।कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने लखनऊ में समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के साथ बुधवार को लखनऊ में एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया।अपने संबोधन की शुरुआत खरगे ने अपने राजनीतिक जीवन के बारे में जानकारी देते हुए की।खरगे ने दावा किया कि मोदी जी 400 पार बोल रहे हैं, लेकिन मैं दावा करता हूं कि वे 200 पार भी नहीं कर रहे हैं।कांग्रेस चीफ खरगे ने कहा कि अब तक चार चरणों के चुनाव हो चुके हैं। इंडिया गठबंधन काफी आगे है। 2024 के लोकसभा चुनावों के बाद जनता ने भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदाई तय है।खरगे ने कहा कि यह संविधान और लोकतंत्र को बचाने का चुनाव है।एक तरफ वो लोग हैं जो कुछ अमीरों के लिए धर्म का इस्तेमाल करके लड़ रहे हैं और दूसरी तरफ वो लोग हैं जो कि देश के गरीबों के लिए और युवाओं के लिए लड़ रहे हैं।ये चुनाव को देश के भविष्य और संविधान को बचाने के लिए है। संविधान बचेगा तो ही आरक्षण भी बचेगा।कांग्रेस चीफ खरगे ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि भाषण में वह मटन, चिकन और मंगलसूत्र जैसे मुद्दे ला रहे हैं। खरगे ने कहा कि पीएम अगर इतना झूठ बोलेंगे तो हम क्या करेंगे।पीएम मोदी ने उतना राम का नाम नहीं लिया होगा जितना कांग्रेस को गाली दिया होगा।।।
कांग्रेस चीफ खरगे ने कहा कि तानाशाही में लोगों के वोट देने का अधिकार भी सुरक्षित नहीं रहेगा। भाजपा के लोग प्रत्याशियों को डराकर नामांकन दाखिल नहीं करने दे रहे हैं। हैदराबाद में भाजपा प्रत्याशी मुस्लिम महिलाओं का बुर्का हटाकर देख रही है। यहां तक की बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को भी डराया जा रहा है। इन सबके बावजूद इंडिया गठबंधन आगे है। भाजपा काफी पीछे है।कांग्रेस चीफ खरगे ने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के बयान का भी जिक्र किया और कहा कि उन्होंने संविधान को बदलने की बात की थी। भाजपा के कई नेता संविधान बदलने की बात करते रहते हैं,लेकिन इन सब लोगों को मोदी कभी नहीं मना करते हैं।
कांग्रेस चीफ खरगे ने कहा कि हम सत्ता में आने पर जातीय जनगणना कराएंगे। इससे लोगों की सामाजिक, आर्थिक स्थिति का अंदाजा लगेगा। ये हम देश को कमजोर करने के लिए नहीं कर रहे हैं। खरगे ने कहा कि पीएम मोदी हमारे घोषणा पत्र के बारे में झूठ फैला रहे हैं। वो बताते हैं कि कांग्रेस लोगों की संपत्ति का सर्वे करवाएगी। कांग्रेस चीफ खरगे ने कहा कि पीएम मोदी कहते हैं कि देश के 80 करोड़ गरीबों को हम मुफ्त अनाज दे रहे हैं। उन्होंने ये नहीं बताया कि खाद्य सुरक्षा कानून तो हम लेकर आए। इंडिया गठबंधन की सरकार आएगी तो हम 10 किलो अनाज देंगे। हमने कर्नाटक में किया है तेलंगाना में किया है।
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा का झूठ जितना परवान चढ़ना था चढ़ चुका है। इंडिया गठबंधन की सरकार बनने वाली है। 4 जून को प्रेस की स्वतंत्रता का भी दिन होगा। भाजपा 140 सीटें भी नहीं जीत पाएगी। उनका रथ फंसा ही नहीं धंस गया है। वो अपने ही नकारात्मक नैरेटिव में फंस गए हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि इंडिया गठबंधन यूपी में 79 सीटें जीत रहा है और क्योटो (काशी) में लड़ाई में है। 4 जून को किसानों की सरकार बनेगी। बेरोजगार युवाओं की सरकार बनेगी।बसपा द्वारा इंडिया गठबंधन के खिलाफ प्रत्याशी चुनाव में उतारने पर अखिलेश यादव ने कहा कि मैं यही अपील करूंगा कि बहुजन समाज के लोग जो बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर में आस्था रखते हैं, जो उनके बनाए हुए संविधान को बचाना चाहते हैं वे अपना वोट खराब न करें। इंडिया गठबंधन की मदद करें जिससे लोकतंत्र को मजबूत किया जा सके।

महराजगंज बोले खरगे मोदी-योगी से नहीं हमारी लड़ाई दो विचारधाराओं के बीच है,भाजपा के 400 पार के नारे का बताया मतलब

महराजगंज।कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे मंगलवार को महराजगंज पहुंचे।खरगे ने जवाहर लाल नेहरू पीजी कॉलेज खेल मैदान में इंडिया गठबंधन प्रत्याशी कांग्रेस विधायक वीरेद्र चौधरी के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान खरेगे ने संविधान और आरक्षण की रक्षा के लिए इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील की। 
मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि हमारी लड़ाई मोदी योगी से नहीं है,यह लड़ाई दो विचार धाराओं के बीच की है।एक विचारधारा देश को कुछ उद्योगपतियों के हाथ गिरवी रखकर गरीब और मध्यम वर्ग को गुलाम बनाना चाहती है जबकि हम देश और देशवासियों को बचाना चाहते हैं। खरगे ने कहा कि हमारी विचारधारा नेहरू, गांधी, पटेल के बनाए देश को बचाने की है।उनकी उसे खत्म करने की है। वे अपने उद्योगपति मित्रों को लाभ देते हैं। हम गरीबों, किसानों की मदद करते हैं, उनका कर्ज माफ करते हैं। मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि हमारी पांच गारंटी है जो युवाओं को नौकरी, महिलाओं के खाते में साल में एक लाख, कर्ज माफी और बेरोजगार युवकों के अप्रेंटिस सुनिश्चित करती है। इसके इतर भाजपा की गारंटी नफरत और भाईचारे को खत्म करने की है। खरगे ने कहा कि भाजपा अपने काम पर नहीं राम, मुसलमान, पाकिस्तान और हिंदू को खतरे में कहकर वोट मांगती है मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि भाजपा 400 सीट इसलिए चाह रही है कि ताकि वह संविधान बदल कर लोकतंत्र को खत्म कर दे। खरगे ने कहा कि यह क्षेत्र भगवान बुद्ध का ननिहाल है।जहां दो हजार छह सौ वर्ष पहले लोकतंत्र था, आप लोगों से बेहतर लोकतंत्र के महत्व को कौन जानता है, इसलिए आप सभी से अनुरोध है कि गठबंधन के उम्मीदवार वीरेंद्र चौधरी को जरूर जिताएं। खरगे ने कहा कि यह धरती संविधान सभा सदस्य रहे शिब्बन लाल सक्सेना, वीर बहादुर सिंह, हर्षवर्धन जैसे विकास पुरुषों की रही है। इनकी रिक्तियां निश्चित ही वीरेंद्र चौधरी पूरी कर सकते हैं।कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने भाजपा सरकार खासकर पीएम मोदी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में करोड़ों खर्च कर निवेशकों का मेला लगता है। सरकार का अरबों निवेश का दावा भी रहता है,लेकिन वह दिखता कहीं नहीं। सुप्रिया ने कहा कि यह कैसा निवेश है जो पूर्वांचल की एक-एक करके बंद होती जा रही चीनी मिलों का उद्धार तक नहीं कर सकी। नतीजा कभी चीनी का कटोरा कहे जाने वाले पूर्वांचल से चीनी ही समाप्त हो गई।सपा नेता शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि गठबंधन की सरकार बनना तय है। अब आपकी जिम्मेदारी है कि महराजगंज से गठबंधन उम्मीदवार वीरेंद्र चौधरी को जिताकर गठबंधन सरकार के गठन में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। कांग्रेस के यूपी प्रभारी अविनाश पांडेय ने भाजपा सरकार की बिफलता की लंबी सूची गिनाते हुए कहा कि इस सरकार का अब बने रहना देश हित में नहीं है।इस मौके पर डुमरियागंज के पूर्व सांसद मो. मुकीम,पूर्व सांसद कमल किशोर कमांडो,बस्ती के पूर्व विधायक अंबिका सिंह, पूर्व विधान परिषद सदस्य राम अवध सिंह,पूर्व विधायक श्रीपति आजाद, सुदामा प्रसाद, सपा नेता निर्मेश मंगल, अमरेंद्र निषाद, सपा जिलाध्यक्ष विद्दा सागर यादव, आप जिलाध्यक्ष राम कुमार पटेल, मनौवर हुसेन आदि ने भी अपने-अपने विचार व्यक्त किए।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments