Breaking

बुधवार, 7 फ़रवरी 2024

भाजपा समर्पण प्रतिबद्धता के साथ दोबारा सदस्यता लेकर लखीमपुर लौटी पालिकाध्यक्ष डा0 इरा श्रीवास्तव, हुआ भव्य स्वागत

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, क्षेत्रीय अध्यक्ष, द्वय उपमुख्यमंत्री, विधायकों एवं संगठन के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों की उपस्थिति में ली सदस्यता


लखीमपुर खीरी। भाजपाई समर्पण की प्रतिबद्धता दोहराते हुए दोबारा भाजपा की सदस्यता लेकर नगर लौटी पालिकाध्यक्ष डा0 इरा श्रीवास्तव का जनता एवं भाजपा के स्थानीय पदाधिकारियों ने भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। आज सुबह राजधानी लखनऊ में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, क्षेत्रीय अध्यक्ष द्वय उपमुख्यमंत्री, विधायकों एवं संगठन के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों की उपस्थिति में पालिकाध्यक्ष ने ली थी पार्टी सदस्यता।
उल्लेखनीय है की भाजपा संगठन में समर्पित सिपाही के रूप में कार्य कर हर मोर्चे पर पार्टी को सफलता दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली पालिकाध्यक्ष डा0 इरा श्रीवास्तव ने गत चुनाव में पार्टी टिकट न मिलने के बाद निर्दलीय चुनाव लड़ते हुए जनसहयोग से सितारा बुलंद किया था। बेशक टिकट वितरण से क्षणिक नाराज पालिकाध्यक्ष ने चुनाव के दौरान पार्टी से इस्तीफा दे दिया था, मगर इन दस महीनों में लगातार अपनी कार्य प्रणाली से परोक्ष रूप से कमल पुष्पित करती रहीं हैं। सन 2012 जब केंद्र एवं प्रदेश दोनों जगहों पर गैर भाजपा सरकारें काबिज थीं, तब लखीमपुर नगर पालिका में भाजपा का झंडा बुलंद करने वाली डा0 इरा श्रीवास्तव ने बख्शी का तालाब विधानसभा प्रभारी के रूप में बीकेटी विधानसभा एवं गोलगोकर्ननाथ विधानसभा उपचुनाव में भाजपा को सफलता दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अलावा जिलाध्यक्ष, प्रदेश कार्यसमिति में दायित्व का सफल निर्वहन करते हुए भाजपा के सांगठनिक ढांचे को मजबूत करने में पूरी निष्ठा एवं समर्पण से बेहतर योगदान दिया।

आज सुबह भाजपा प्रदेश कार्यालय पर पार्टी प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या, डिप्टी सीएम बृजेश पाठक, विधायक योगेश वर्मा, विधायक विनोद शंकर अवस्थी, सहित तमाम वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में पालिकाध्यक्ष डॉ0 इरा श्रीवास्तव ने भाजपा सदस्यता ग्रहण की। उन्होंने पार्टी को और अधिक मजबूत करने का संकल्प लेते हुए आगामी चुनाव में शत प्रतिशत सफलता हेतु प्रयास की बात कही। पालिकाध्यक्ष के इस सदस्यता कार्यक्रम में लखीमपुर खीरी जनपद से सैकड़ों गाड़ियों में कार्यकर्ताओं ने उनके उत्साह को बढ़ाया।


पार्टी प्रदेश कार्यालय लखनऊ में भाजपा सदस्यता लेने के बाद गृह जनपद लखीमपुर निकलीं पालिकाध्यक्ष डॉ0 इरा श्रीवास्तव का लखनऊ, सीतापुर और लखीमपुर खीरी जनपद में जगह जगह हुआ स्वागत एवं अभिनंदन, उसके बाद लखीमपुर नगर में जोरदार स्वागत, अभिनंदन कर समर्थकों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों ने खुशी का इजहार किया। लखनऊ ग्रामीण के बख्शी का तालाब,  इटौंजा, सीतापुर के सिधौली, कमलापुर, हरगांव तथा खीरी के ओयल क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर पालिकाध्यक्ष डॉ0 इरा श्रीवास्तव का माल्यार्पण कर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने स्वागत किया। 


सदस्यता कार्यक्रम में राजीव रत्न खरे, डॉ0 ओ0पी0 श्रीवास्तव, शशिकांत श्रीवास्तव, एड0 राजेश श्रीवास्तव, ज्ञानेन्द्र सक्सेना, कपिल श्रीवास्तव, डॉ0 मंजुला बरतरिया, नीरज सक्सेना, सौरभ सिन्हा शौर्य सक्सेना, अंशुमान श्रीवास्तव, प्रशांत श्रीवास्तव, अनूप श्रीवास्तव, डॉ0 पी0के0गुप्ता सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments