Breaking

सोमवार, 10 जुलाई 2023

परिवार नियोजन को बढ़ावा देने के लिए स्वास्थ्य विभाग मनाएगा विश्व जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा

लखीमपुर खीरी। 11 जुलाई को विश्व जनसंख्या स्थिरता पखवाड़े का शुभारंभ ज़िला महिला चिकित्सालय खीरी के साथ-साथ जनपद के समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों द्वारा किया जाएगा। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत जनसंख्या नीति के लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु यह पखवाड़ा 11 जुलाई से आरंभ होकर 24 जुलाई 2023 तक चलेगा। यह जानकारी सीएमओ डॉ संतोष गुप्ता द्वारा दी गई।

उन्होंने बताया कि विश्व जनसंख्या दिवस एक अवसर है जो कि प्रजनन स्वास्थ्य के महत्व तथा पूरे जीवन को नियोजित करने हेतु प्रेरित करता है। यह ज़रूरी हो जाता है कि इस दिवस के उपलक्ष्य पर परिवार नियोजन कार्यक्रम के महत्व तथा इससे जुड़ी उपलब्धियों का प्रचार- प्रसार जन मानस तक किया जाए। भारत सरकार द्वारा प्रेषित विश्व जनसंख्या दिवस पखवाड़े 2023 की थीम है कि आज़ादी के अमृत महोत्सव मे हम लें ये संकल्प, परिवार नियोजन को बनाएगें, खुशियों का विकल्प।

उन्होंने यह भी बताया कि यह पखवाड़ा दो चरणों मे मनाया जाएगा। पहला दंपत्ति संपर्क पखवाड़ा- 27 जून से 10 जुलाई 2023 तक ( जो मनाया जा चुका है )| दूसरा सेवा प्रदाएगी चरण- यह चरण 11 जुलाई से आरंभ हो रहा है।

इस दौरान बढ़ती हुई जनसंख्या को नियंत्रित करने व सीमित परिवार के लाभ से आम जन मानस को जागरूक करने के उद्देश्य से जनसंख्या स्थिरता पखवाड़े के अंतर्गत विभिन्न सेवाओं व कार्यक्रमों आयोजन किया जा रहा है। जिनके माध्यम से अंतिम व्यक्ति तक परिवार नियोजन की सेवाओं को पहुंचाया जा सकेगा ।

पखवाड़े के दौरान परिवार नियोजन संबंधी विभिन्न विधाओं की समस्त सेवाओं जैसे पुरुष एवं महिला नसबंदी, अंतराल एवं प्रसवोत्तर आईयूसीडी निवेशन, नवीन गर्भ निरोधक अंतरा व छाया, ओरल पिल्स इत्यादि सेवाएँ समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर उपलब्ध रहेंगी। पुरुष एवं महिला नसबंदी की सेवा हेतु नियत सेवा दिवस (कैंप आयोजित किए जाएंगे। जिसमे जनपद के विभिन्न सर्जनो द्वारा सेवा प्रदान की जाएगी। साथ ही परिवार नियोजन के महत्व से परिचित करने हेतु अन्य कार्यक्रम जैसे सास बेटा बहू सम्मेलन, सारथी वाहन का संचालन, आशीर्वाद अभियान संचालित किया जाएगा। 

बीते 3 वर्षों में जनपद में महिला व पुरुष नसबंदी में हासिल की है उपलब्धि

सीएमओ डॉ संतोष गुप्ता ने बताया कि महिला व पुरुष नसबंदी सेवा में जनपद ने बीते 3 वर्षों में उपलब्धि हासिल की है। अगर बात करें महिला नसबंदी की तो 2020 में 5861 महिलाओं ने नसबंदी कराई थी। 2021 में 6125 और 2022 में 6662 महिलाओं ने नसबंदी कराई है। इसी तरह पुरुष नसबंदी में 2021 में 25 पुरुषों ने, 2021 में 6 पुरुषों ने और 2022 में 24 पुरुषों ने नसबंदी कराई है। इसी तरह गर्भनिरोधक संसाधनों का भी उपयोग जनपद में बड़ा है जो एक अच्छे संकेत हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments