लखीमपुर खीरी 13 जनवरी। राष्ट्रीय पर्व "गणतंत्र दिवस-2023" को भव्यता, गरिमा एवं हर्षोल्लास के साथ मनाए जाने के उद्देश्य से डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने शुक्रवार शाम कलेक्ट्रेट सभागार में गणतंत्र दिवस की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक ली गई।
डीएम ने गणतंत्र दिवस समारोह 2023 के कार्यक्रम की रूपरेखा के निर्धारण के संबंध में विस्तारपूर्वक चर्चा करते हुए नागरिकों से प्राप्त अमूल्य सुझावों को सम्मिलित करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा निर्धारित किए जाने के निर्देश दिए। अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि दायित्वों का पूर्ण निष्ठा के साथ निर्वहन सुनिश्चित करते हुए पूरी भव्यता, गरिमा एवं हर्षोल्लास के साथ समस्त आयोजन किए जाएं।
आयोजन स्थलों एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थलों की सफाई, चूने का छिड़काव, नगर की समस्त प्रतिमाओं की रंगाई-पुताई तथा माल्यार्पण हेतु मालाओं की समुचित व्यवस्था नगर निकाय द्वारा की जाएगी। तहसील, विकास खण्ड तथा ग्राम स्तर पर भी भव्य कार्यक्रम आयोजित करवाने के निर्देश डीएम ने दिए। स्थानीय निकायों के अधिशासी अधिकारी इस अवसर पर विशेष सफाई अभियान चलाना सुनिश्चित करेंगे। गणतंत्र की मूल अवधारणाओं पर प्रकाश डालते हुए लोगों को प्रेरणा दी जाये कि देश और समाज के निर्माण के लिये आपसी प्रेम एवं सद्भाव के संदेश को सभी तक पहुंचाएं। बैठक में जिला, तहसील, ब्लॉक स्तरीय अधिकारी, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Post Comments