लखीमपुर, 8 अक्टूबर। गोला गोकर्णनाथ में विधानसभा उपचुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से सफल बनाने के उद्देश्य से प्रशासनिक अमला कवायद में जुट गया है। नामांकन के दूसरे दिन आज डीएम महेंद्र बहादुर सिंह की अध्यक्षता में प्रभारी व सहायक प्रभारी अधिकारियों की एक विशेष बैठक सम्पन्न की गई। बैठक का संचालन उपजिला निर्वाचन अधिकारी/एडीएम संजय कुमार सिंह ने किया।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे जिलाधिकारी श्री सिंह ने निष्पक्ष व शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव सम्पन्न कराने की सभी की जिम्मेदारियों का बोध करवाते हुए कहा कि सभी अधिकारी व कर्मचारी मुस्तैदी से अपने दायित्वों का निर्वहन करें व भारत निर्वाचन आयोग की गाइडलाइंस का पालन करते हुए उपचुनाव को सफल बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने इस सम्बंध में आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी श्री सिंह ने आज कलेक्ट्रेट में चुनाव से जुड़े अधिकारियों को ईवीएम का व्यवहारिक प्रशिक्षण भी दिया। उन्होंने बैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट व वीवीपैट को जोड़ने की प्रक्रिया भी समझायी।
इस बीच व्यय अनुरक्षण टीमों की बैठक लेते हुए कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम श्री सिंह ने निर्वाचन आयोग के निर्देशों के शत प्रतिशत अनुपालन के निर्देश दिए।
उपचुनाव की तैयारियों को लेकर अधिकारियों की बैठक लेते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम ने कहा कि जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट की चुनाव में अहम भूमिका रहती है। उन्होंने कहा कि सभी आवश्यक व्यवस्थाओं व निर्वाचन प्रबंधन के लिए मजिस्ट्रेट उत्तरदायी हैं। मजिस्ट्रेट मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं का भौतिक सत्यापन कर लें। साथ ही सीडीओ अनिल कुमार सिंह व एडीएम संजय सिंह ने सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेटों को चुनाव का पाठ पढ़ाते हुए दायित्वों का पालन करने के निर्देश दिए।
इस उपचुनाव में 35 प्रभारी अधिकारी व 68 सहायक प्रभारी अधिकारी सम्पन्न कराएंगे चुनाव।
तैयारी बैठक में सीडीओ अनिल कुमार सिंह, डीएफओ संजय विश्वास, एडीएम संजय सिंह, सीएमओ डॉ अरुणेंद्र त्रिपाठी, एसएसपी अरुण सिंह सहित सभी प्रभारी व सहायक प्रभारी अधिकारी, वरिष्ठ कोषाधिकारी आंनद कुमार आदि सक्रिय रूप से मौजूद रहे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Post Comments