केंद्रीय विद्यालय आर.डी. एस.ओ. में राष्ट्रीय एकता पर्व एवं कला उत्सव की शुरुआत
लखनऊ। केन्द्रीय विद्यालय आर.डी.एस.ओ. में आज दो दिवसीय राष्ट्रीय एकता पर्व एवं कला उत्सव 2022-23 का विधिवत शुभारम्भ हुआ। इस समारोह का उद्घाटन मुख्य अतिथि आर.डी.एस.ओ. लखनऊ के महानिदेशक एवं विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष संजीव भूटानी ने किया।
अपने उद्बोधन में मुख्य अतिथि श्री भूटानी ने देशवासियों का आह्वान करते हुए कहा कि समस्त जन देश की एकता और अखण्डता के लिए एक होकर प्रयास करें। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार केन्द्रीय विद्यालय संगठन राष्ट्रीय एकता को एक पर्व के रूप में मनाता है, उसी प्रकार भारतीय रेल पूरे देश को जोड़ने का महान कार्य करती है। मुख्य अतिथि ने कहा कि विद्यालय के विकास के लिए मेरी तरफ से हर संभव प्रयास किया जाएगा। विद्यार्थियों के रंगारंग कार्यक्रम से प्रसन्न होकर उन्होंने विद्यालय के बच्चों को पच्चीस हजार रूपए का पुरस्कार देने की घोषणा की।
समारोह के आरंभ में विद्यालय के प्राचार्य संजय कुमार ने मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों का हरित पौध से स्वागत किया। प्राचार्य श्री कुमार ने अपने स्वागत भाषण में इस कला उत्सव की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विद्यालय के विकास में अध्यक्ष का योगदान अभूतपूर्व है। अध्यक्ष महोदय के दिशा-निर्देश में ही केन्द्रीय विद्यालय आर.डी.एस.ओ. लखनऊ सतत प्रगति कर रहा है। विद्यालय परिषद के छात्र-छात्राओं ने सभी अतिथियों को बैज पहनाकर स्वागत किया। मुख्यअतिथि ने दीप प्रज्ज्वलित करके कार्यक्रम की शुरुआत की। विद्यालय की छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वन्दना एवं स्वागत-गीत प्रस्तुत किया। सम्मानित अतिथि के रूप में विद्यालय के नामित अध्यक्ष डॉ.आशीष अग्रवाल और आमंत्रित अतिथि के रूप में सचिव महानिदेशक आर.डी.एस.ओ. लखनऊ सत्येन्द्र कुमार उपस्थित थे।
यह कला पर्व आज से आरम्भ होकर दो दिनों तक चलेगा। 20 अक्टूबर की शाम पांच बजे इसका समापन होगा। यह एक संकुल स्तरीय समारोह है। जिसमें कुल 11 केंद्रीय विद्यालयों के 300 विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। यहाँ जो टीमें विजयी होगीं, वे संभागीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेंगी। तदुपरांत 23-25 नवम्बर 2022 को राष्ट्रीय स्तर पर इसका आयोजन होगा। इसमें कुल 12 स्पर्धाएँ होंगी।
आज के कार्यक्रम में अंत में अजय शंकर शुक्ल, उप प्राचार्य केन्द्रीय विद्यालय आर डी एस ओ लखनऊ ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. के.पी. सिंह व एच.एन. दुबे ने किया। मुख्य अध्यापिका सुश्री अंजू अरोड़ा, योगेश पाण्डेय, श्रीमती ऋतु सिंह, आर. पी. त्रिपाठी, एस.स्वरूपम सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाएँ इस अवसर पर उपस्थित थे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Post Comments