🔘 लायंस उपकार नेत्र चिकित्सालय के प्रेरक कार्यों को मिला मेडिकल कॉलेज का संबल
लखीमपुर। सेवा जब संकल्प बन जाए और करुणा जब कर्म का रूप धर ले, तब समाज में आशा की नई किरण फूट पड़ती है। कुछ ऐसा ही भाव लायंस उपकार नेत्र चिकित्सालय के निस्वार्थ सेवाकार्यों से अभिभूत होकर व्यक्त किया लखीमपुर खीरी मेडिकल कॉलेज की प्राचार्या डॉ. वाणी गुप्ता ने। उन्होंने चिकित्सालय के प्रेरणादायी प्रयासों की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए नेत्र रोगियों एवं क्षेत्रवासियों को नेत्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए शीघ्र ठोस पहल के संकेत दिए।
इस भावपूर्ण अवसर पर लायंस उपकार नेत्र चिकित्सालय अध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार तोलानी ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर प्राचार्या डॉ. वाणी गुप्ता से औपचारिक भेंट की और लायंस उपकार नेत्र चिकित्सालय में निरंतर संचालित निस्वार्थ सेवाकार्यों की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि नेत्र रोग विशेषज्ञ एवं सर्जन लायन डॉ. रूपक टंडन तथा डॉ. के के मिश्रा, डॉ. अक्षत मिश्रा के समर्पित सहयोग से अब तक सैकड़ों जरूरतमंदों की आंखों में नई रोशनी लौटाई जा चुकी है। हर माह आयोजित निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविरों में दर्जनों मरीज लाभान्वित हो रहे हैं। इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य एवं शिक्षा से जुड़े अनेक सेवा शिविर और जनजागरण कार्यक्रम समाज में सकारात्मक परिवर्तन का संचार कर रहे हैं। सेवा के इस उज्ज्वल अभियान से प्रभावित सेवा-हृदयी प्राचार्या डॉ. वाणी गुप्ता ने कहा कि वह शीघ्र ही लायंस उपकार नेत्र चिकित्सालय का भ्रमण करेंगी तथा विशेषज्ञों की टीम के साथ मिलकर नेत्र परीक्षण एवं जागरूकता शिविर आयोजित कर क्षेत्रवासियों को सेहत की अनमोल सौगात प्रदान करेंगी। उन्होंने ‘वी सर्व’ के ध्येय वाक्य के साथ समाजसेवा में समर्पित लायंस उपकार टीम को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे प्रयास ही समाज को स्वस्थ, समर्थ और संवेदनशील बनाने की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होते हैं। निःस्वार्थ सेवा, करुणा और संकल्प के इस संगम ने यह सिद्ध कर दिया कि जब उद्देश्य पवित्र हो और प्रयास सतत हों, तब समाज की हर आंख में आशा और हर चेहरे पर मुस्कान खिल उठती है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Post Comments