Breaking

बुधवार, 29 अक्टूबर 2025

Lmp. 6 नवंबर से 5 दिवसीय "नारी उत्कर्ष समारोह" में साकार होगी माता भगवती देवी शर्मा के आदर्शो की ज्योति

लखीमपुर खीरी, 29 अक्टूबर 2025। अखिल विश्व गायत्री परिवार, शांतिकुंज हरिद्वार की अधिष्ठात्री माता भगवती देवी शर्मा की जन्मशताब्दी वर्ष के पावन उपलक्ष्य में गायत्री परिवार लखीमपुर खीरी एक दिव्य आयोजन की तैयारी में जुटा है। आगामी 6 नवंबर से 10 नवंबर तक मीरपुर–रस्यौरा तिराहा, रामापुर रोड स्थित ‘राम वाटिका’ में आयोजित होने जा रहा है ‘विराट नारी उत्कर्ष समारोह, गायत्री यज्ञ एवं संस्कार महोत्सव’।

यह पाँच दिवसीय आयोजन केवल कार्यक्रम नहीं, बल्कि नारी शक्ति के जागरण और देव संस्कृति के पुनरुत्थान का संकल्प पर्व होगा। शुभारंभ होगा कन्या पूजन, ध्वज वंदन, शंखनाद, नारी गौरव मंगल यात्रा, प्रदर्शनी उद्घाटन, प्रशिक्षण शिविर और सायंकालीन भजन संध्या के साथ जहाँ भक्ति, शक्ति और संस्कृति का अद्भुत संगम साकार होगा। दूसरे दिन प्रशिक्षण सत्रों, व्याख्यानों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से समाज में नारी के बहुआयामी योगदान पर प्रकाश डाला जाएगा। तीसरे दिन घर-घर देव स्थापना अभियान के साथ घरों में देवत्व जागरण का संदेश दिया जाएगा। चौथे दिन होगा गायत्री महायज्ञ, संस्कार महोत्सव एवं ‘नारी उत्कर्ष जन्मशताब्दी दीप महायज्ञ’, जहाँ दीपों की लौ के संग नारी प्रेरणास्रोत भगवती माता जी के आदर्शों का उद्बोधन होगा। समापन दिवस पर होगा नारी शक्ति वंदन, संकल्प मशाल हस्तांतरण एवं विदाई समारोह, जिसमें समाज में नारी सम्मान के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान किया जाएगा। इस विराट आयोजन को सफल बनाने के लिए गायत्री परिवार के कार्यकर्ता जिलेभर में घर-घर जाकर जनजागरण कर रहे हैं, हर परिवार को देव परिवार से जोड़ने और हर हृदय में ‘नारी ही नारायणी’ की भावना जगाने के लिए। यह आयोजन केवल श्रद्धा का नहीं, बल्कि संस्कार, साधना और समाज परिवर्तन की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल बनने जा रहा है जहाँ हर दीपक, हर मंत्र और हर आहूति में भारत की नारी शक्ति का उदय दिखाई देगा। “जहाँ नारी का सम्मान होता है, वहीं देवता वास करते हैं।” यही संदेश लेकर लखीमपुर खीरी की धरती तैयार है एक अद्वितीय आध्यात्मिक उत्सव की साक्षी बनने को।

रिपोर्ट : अनिल श्रीवास्तव, संपर्क सूत्र 8800127319

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments