🔘 "दिल से दिल तक" थीम पर IKMG . का वार्षिकोत्सव बना सेवा, संस्कार और समर्पण की मिसाल
लखीमपुर। IKMG (आई.के.एम.जी.) का वार्षिक उत्सव इस बार सचमुच "दिल से दिल तक" की थीम पर सजा। नई कार्यकारिणी के स्वागत और पूर्व सदस्यों की भावभीनी विदाई के बीच आयोजन में न केवल सांस्कृतिक रंग बिखरे बल्कि सेवा और संस्कार की ज्योति भी प्रज्वलित हुई।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीराम की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से हुआ, जिसमें नगर की प्रथम नागरिक नगर पालिका अध्यक्षा डॉ. इरा श्रीवास्तव मुख्य अतिथि और शिक्षिका क्षमा टंडन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। अतिथियों का स्वागत "राम नाम का पटका" ओढ़ाकर और श्रीमद्भगवद्गीता भेंटकर किया गया। खत्री सभा लखीमपुर के अध्यक्ष कमल मेहरोत्रा तथा युवा खत्री सभा अध्यक्ष तनमय पुरी का भी विशेष सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन रुचि खन्ना ने सहज और सुगठित शैली में किया। इसके पश्चात संगठन का जाति-गान संगीता महेन्द्र, अनामिका सरीन और कविता शेखर की मधुर आवाज़ों में गूंज उठा।
पूर्व अध्यक्ष अंजुल जलोटा ने भावपूर्ण शब्दों के साथ अपना दायित्व नवनियुक्त अध्यक्ष रश्मि महेन्द्र को सौंपा। नवनियुक्त सचिव संगीता महेन्द्र ने सभी सदस्यों और अतिथियों के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित की। संरक्षिका सविता चोपड़ा की उपस्थिति में यह उत्सव सेवा और संस्कार का संगम बना। कार्यकारिणी सदस्य दिवंगत सुषमा पुरी को श्रद्धांजलि अर्पित कर वातावरण और भी भावुक हो उठा।
कार्यक्रम केवल सांस्कृतिक नहीं रहा, बल्कि समाजहित की मिसाल भी बना। संगठन द्वारा एक स्वजातीय कन्या को विवाह हेतु दहेज सहयोग दिया गया और तीन बच्चों की वार्षिक शिक्षा-फीस वहन की घोषणा की गई। विशेष रूप से एक बच्चे को पूरे वर्ष के लिए गोद लेकर उसकी शिक्षा की जिम्मेदारी उठाई गई, यह कदम "दिल से दिल तक" की थीम को साकार करता प्रतीत हुआ। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, सौहार्द और सेवा की इस अनोखी शाम का समापन स्नेहभरे रात्रिभोज के साथ हुआ।
नारी शक्ति के इस संगठन ने पुनः यह साबित किया कि जब महिलाएँ साथ आती हैं, तो समाज में परिवर्तन और प्रेरणा की अमिट गाथा लिखी जाती है। इस अवसर पर संरक्षिका सविता चोपड़ा, डायरेक्टर राखी चोपड़ा, सलाहकार समिति सदस्य सपना कक्कड़, रेणुका टंडन, श्वेता धवन, संगीता पुरी, इति कपूर, मीता टंडन और आरती चोपड़ा सहित संस्था के भारी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Post Comments