उत्तर प्रदेश के लखनऊ पारा कोतवाली क्षेत्र में एक महिला ने अपने सगे भाई के खिलाफ दुष्कर्म करने का मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपित ने निकाह से पहले बहन के साथ गंदी हरकत की थी। विरोध पर उसने बहन को धमका कर कहा था कि कुछ दिन में तुम्हारी शादी है, किसी को कुछ पता नहीं चलेगा।
वहीं, ससुराल पहुंचने के बाद महिला की तबीयत खराब रहने लगी। डॉक्टर ने चेकअप कर महिला के गर्भवती होने की जानकारी दी। जिसे सुन कर परिवार वाले दंग रह गए। पूछताछ करने पर महिला ने शादी से पहले दुष्कर्म किए जाने की जानकारी ससुराल वालों को दी। पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पारा निवासी युवती का रिश्ता कुछ माह पहले तय हुआ था। पीड़िता के मुताबिक एक अप्रैल की रात सगा भाई कमरे में घुस आया। आरोपित ने बहन के साथ छेड़छाड़ की। विरोध करने पर हाथ-पैर बांध कर बहन के साथ दुराचार किया। विरोध करने पर बोला कि कुछ दिन में तुम्हारी शादी है। किसी को कुछ पता नहीं चलेगा।अगर किसी से शिकायत की तो तुम्हें मार दूंगा। भाई की करतूत से परेशान युवती ने माता-पिता को घटना की जानकारी दी। पर, उन्होंने भी बेटे की करतूत पर पर्दा डालते हुए युवती को शिकायत करने से रोक दिया। पीड़िता के मुताबिक 15 अप्रैल को निकाह होने के बाद रुख्सत होकर ससुराल गई। कुछ दिन गुजरने के बाद ही उसकी तबीयत खराब होने लगी। 29 अप्रैल को महिला को पति डॉक्टर के पास लेकर गया। चेकअप में महिला के गर्भवती होने का पता चला। यह बात सुन कर ससुराल वाले भी हैरान रह गए। काफी पूछताछ करने पर महिला ने भाई की घिनौनी करतूत के बारे में सास को जानकारी दी।बहू के साथ हुई ज्यादती का पता चलने पर सास ने उसका हौसला बढ़ाया। पीड़िता के मुताबिक ससुराल वालों के कहने पर ही वह गुरुवार को पारा कोतवाली पहुंची। जहां सगे भाई के खिलाफ दुष्कर्म करने की तहरीर दी है। इंस्पेक्टर सुरेश सिंह ने बताया कि महिला की तरफ से मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। जो मीट दुकान में काम करता है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Post Comments