लखीमपुर के पर्यावरण मित्र समूह ने ग्लोबल वार्मिंग पर वार करते हुए गत वर्ष संकल्पित होकर पौध रोपण से धरा श्रंगार किया था, उसमें कुछ अज्ञात अराजक तत्वों द्वारा हरियाली मिटाने से क्षुब्ध पर्यावरण मित्रों ने अपील की है कि हम सभी पर्यावरण मित्र इस प्रकार के कुकृत्यों से अत्यंत वेदनापूर्ण मनोस्थिति से गुजर रहे हैं। ऐसी दुःखद घटनाओं पर विराम लगना, लगाए गए पौधों को बचना, बचाना, लखीमपुर नगर और पर्यावरण को हरा बनाकर सजाना आवश्यक है।
बताते चलें गत वर्ष भीषण गर्मी से आहत लखीमपुर नगर की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के समाजसेवियों एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े लोगों द्वारा लखीमपुर पालिकाध्यक्षा के संरक्षण में पर्यावरण मित्र समूह का गठन कर पौध रोपण कर लखीमपुर की धरा को सजाते, हरा भरा बनाते हुए ग्लोबल वार्मिंग पर वार करने का संकल्प लिया गया था।
पर्यावरण मित्रों ने दिन रात मेहनत कर लखीमपुर नगर व उसके आसपास की सड़कों पर ट्री गार्ड सहित वृक्षारोपण कर उनकी देखभाल भी शुरू कर दी थी। यह बात कुछ अज्ञात अराजक तत्वों को रास नही आई, जिसका कारण अब तक समझ नही आया है। ग्लोबल वार्मिंग को कवरफ़ायर देने वाले अज्ञात अराजक तत्वों ने रात के अंधेरे में ट्री गार्ड गायब करने, आधे काटने एवं पौधों को सुरक्षित करने वाली ईंटो की जाली क्षतिग्रस्त करनी शुरू कर दी थी, साथ ही पौधों को क्षति पहुंचाने का कुत्सित प्रयास भी शुरू कर दिया था।
उधर पर्यावरण मित्र पर्यावरण संरक्षण का भरकस प्रयास करते रहे। पर्यावरण मित्रो एवं अनदेखे पर्यावरण विरोधियों की साल भर चली इस पर्यावरणीय जंग में कई जिजीविषा के धनी पौधों ने हार नही मानी और नगर का हरित श्रंगार करते नजर आए। अभी हाल में बिलोबी हाल में रोपित पौध को जलाने की घटना से आक्रोशित पर्यावरण मित्रो ने हताशा जाहिर की है। उन्होंने आमजन से पौधों की देखभाल के साथ सुरक्षा की भी अपील की है। पर्यावरण मित्रों ने कहा है कि गत वर्ष नौतपा से गुजरें हैं, इस वर्ष मार्च में पारा 44 पार हो गया है, लगातार बढ़ती इस भीषण गर्मी से समाज को सुरक्षित करने सम्बंधी इस पर्यावरणीय प्रयास में सभी आगे आएं।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Post Comments