Breaking

बुधवार, 19 फ़रवरी 2025

प्रतिभा सम्मान को समर्पित रहा चेतना मंच का चतुर्थ वार्षिकोत्सव

• हिन्दी साहित्य सृजन और संवर्धन से जुड़े रचनाकारों का हुआ सम्मान

हिंदी भाषा साहित्य को सहेजने, सँवारने और निरन्तर प्रचार प्रसार से जुड़ीं साहित्य सृजन क्षेत्र की स्थापित एवं उभरती प्रतिभाओं के सम्मान एवं मंचीय प्रस्तुति के साथ "चेतना- किस्से, कहानियाँ, कविताएँ" मंच का चतुर्थ वार्षिक उत्सव भव्यता के साथ संपन्न हुआ।

हिंदी भवन, नई दिल्ली में मुख्य अतिथि सुप्रसिद्ध लेखिका और हिंदुस्तान टाइम्स की कार्यकारी सम्पादक श्रीमती जयंती रंगनाथन, लेखिका, विशिष्ट अतिथियों समाजसेवी और उद्यमी श्रीमती अंजू क्वात्रा, लेखक एवं उप प्रधानाचार्य डॉ. गुरमीत सिंह संस्थापक अनुराग्यम, इंजिनियर सचिन चतुर्वेदी और चेतना टीम द्वारा मां सरस्वती के पूजन और दीप प्रज्वलन के साथ प्रारम्भ हुए चेतना मंच के चतुर्थ वार्षिक उत्सव में हिंदी लेखन, साहित्य सृजन हेतु लेखकों के सक्रिय योगदान के लिए चेतना परवाज़ कलम की सम्मान, चेतना कथाकार सम्मान , चेतना काव्यकार सम्मान और चेतना साहित्यकार सम्मान प्रदान किए गए। इन सम्मानों हेतु देश भर से प्राप्त सैकड़ों नामांकनों में से चयनित किए गए 58 रचनाकारों को सम्मानित किया गया। साथ ही डॉ. गुरमीत सिंह उनकी विभिन्न योग्यताओं के चलते विशेष "बहुमुखी प्रतिभा सम्मान" से सम्मानित किया गया। 

चेतना मंच की सदस्य मोनिका सिंह "मोह" द्वारा प्रस्तुत गणेश वंदना के साथ प्रारम्भ हुए काव्य सम्मेलन ने देश भर से आए कवियों एवं कवित्रियों ने काव्य पाठ किया। जिनमें अंकिता सिंह "रिनी", ललित कुमार एवं सचिन परवाना दिल्ली, आशा किरन, स्मिता सिंह चौहान एवं योगेश कृष्ण, गाजियाबाद, पूर्णिमा राय, फ़रीदाबाद, वेद भारती, हरियाणा, रोशनी चोपड़ा एवं संजू सिंगर नई दिल्ली, अनुराग त्रिपाठी, लखनऊ, बलराम दधीच एवं रितेश, अजमेर,  हिमांशु शुक्ला, नोएडा, आशित कुमार शरण, ग्रेटर नोएडा आदि की प्रस्तुतियों को विशेष सराहना प्राप्त हुई । 

इस अवसर पर चेतना मंच टीम की प्रमुख सदस्य चेतना लवास, मीना सिंह 'मीन', मोनिका सिंह 'मोह' और प्रियंका गहलौत 'प्रिया कुमार' द्वारा अतिथियों, चयनित रचनाकारों सहित सभी प्रतिभागियों को अंगवस्त्र, ट्राफी, प्रशस्ति भेंट कर सम्मानित किया गया। चेतना साहित्यिक मंच से साहित्यकार के रूप में जुड़े सृजनकार राम मोहन गुप्त 'अमर' द्वारा संग्रहित एवं प्रदान की गई जानकारी के अनुसार विभिन्न सत्रों का सफल संचालन मोनिका सिंह "मोह", प्रियंका गहलौत "प्रिया कुमार" एवं मीना सिंह "मीन" द्वारा बखूबी किया गया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments