Breaking

बुधवार, 27 सितंबर 2023

पत्रकार वार्ता / कूड़ा कलेक्शन शुल्क पर भ्रांतियों को दूर कर नगर पालिका प्रशासन ने साफ किया अपना रुख

लखीमपुर। नगर पालिका परिषद सभागार में पत्रकार वार्ता कर पालिका प्रशासन ने कूड़ा कलेक्शन में चल रही भ्रांतियों को दूर करते हुए इस विषय पर अपना रुख साफ किया।
पालिका परिषद अध्यक्ष डॉ इरा श्रीवास्तव ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि कूड़ा कलेक्शन शुल्क कोई नए तरीके से जनता पर थोपा गया भार नही है बल्कि भारत सरकार का कानून है जिसका उलंघन नही किया जा सकता। उन्होंने कहा इसके पीछे मंशा शहर को साफ सुथरा रखना है। अध्यक्ष ने आगे कहा कि गरीबी रेखा से नीचे कार्ड धारकों, सैनिकों, सेवानिवृत्त सैनिकों, एकाकी जीवन जी रहे निराश्रित वरिष्ठों तथा अन्य असमर्थों से किसी प्रकार का कोई शुल्क नही लिया जाएगा, पटरी दुकानदारों से यह शुल्क 50 फीसदी ही लिया जायेगा। इस बीच सभासद समसुल ने एकाकी जीवन जी रही निराश्रित महिलाओं व वरिष्ठ महिलाओं को भी इस शुल्क से छूट के दायरे में रखने की बात कही, जिस पर अध्यक्ष ने विचार करने की सहमति जताई। इससे पूर्व नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी संजय कुमार ने साफ किया कि इस कूड़ा कलेक्शन शुल्क का स्वच्छता मिशन के तहत 8 अप्रैल 2016 के क्रम में नगर पालिका ने बायलॉज तैयार किया है। अधिशासी अधिकारी श्री कुमार ने बायलॉज के विषय मे प्रमुख बिंदुओं पर विस्तृत प्रकाश भी डाला।
बताते चलें बीते दिनों कुछ समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों,  जिसमे दर्शाया गया था कि नगर पालिका प्रशासन द्वारा यह शुल्क भार जनता पर थोपा गया है जिसका विरोध सभासद कर रहे हैं, पर गम्भीर होते हुए यह पत्रकार वार्ता की गई थी। अध्यक्ष एवं ईओ ने शुल्क नियमावली की प्रतियों के साथ यह साफ किया कि यह शहर को स्वच्छ रखने का सेवा शुल्क है, कोई अतिरिक्त कर नही। उन्होंने इस सम्बंध में किसी सभासद के विरोध के संज्ञान न होने की भी बात कही। पालिका अध्यक्ष डॉ इरा श्रीवास्तव ने कहा कि कूड़ा कलेक्शन के लिए जागरूकता होनी चाहिए, भारत स्वच्छ हो इसके लिए सभी को आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि कूड़ा कचड़ा नाला, खाली पड़े प्लाट्स एवं सड़कों पर न डालें अन्यथा पालिका प्रशासन कठोर कार्रवाई के लिए बाध्य होगा। अध्यक्ष ने कहा कि इस गंदगी की रोकथाम के लिए निगरानी समिति बन रही है और स्थानीय सभासद भी जागरूक व निगरानी करेंगे।
इस बीच पत्रकारों ने नगर पालिका अध्यक्ष व ईओ से नगर की समस्याओं से सम्बंधित सवाल भी उठाए, जिसमें सेठघाट रोड पर अर्जुनपुरवा एवं निर्मलनगर वार्डो की पानी की समस्या प्रमुख था। जवाब में पालिका अध्यक्ष ने कहा की यह समस्या उनके संज्ञान में है और पालिका कर्मचारी लगातार उस पर कार्य कर रहे हैं उम्मीद है जल्दी ही समस्या से निजात मिल जाएगी। इसके अलावा अन्य समस्याओं पर अध्यक्ष व ईओ ने त्वरित निदान का भरोसा दिया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments