● पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा ने लखीमपुर चेयरमैन डॉक्टर इरा श्रीवास्तव को किया सम्मानित
● महासभा के इस मंच से नगर निकाय चुनाव में सफल कायस्थों को सम्मानित कर किया ऊर्जित
लखनऊ। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा का सम्मान समारोह प्रदेश की राजधानी लखनऊ में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। समारोह की अध्यक्षता महासभा प्रदेश अध्यक्ष डाँ इंद्रसेन श्रीवास्तव ने की एवं मुख्य अतिथि पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा रहे।
रिमझिम बारिश से बने खुशनुमा मौसम में लखनऊ के उद्यान भवन सभागार में आयोजित हुए सम्मान समारोह की शुरुआत भगवान चित्रगुप्त जयकारे एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई।
तदुपरांत मुख्य अतिथि पूर्व उपमुख्यमंत्री श्री दिनेश शर्मा ने नगर पालिका परिषद लखीमपुर की चेयरमैन डॉक्टर इरा श्रीवास्तव को सम्मानित करते हुए उनकी भूरि भूरि प्रशंसा की।
श्री शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि मैं जन्म से ब्राह्मण और कर्म से भी एक शिक्षक ब्राह्मण लेकिन टेक्निकली कायस्थ हूँ। कायस्थ समाज सदैव अग्रणी रहा है इसका इतिहास बेहद गौरवशाली है। उन्होंने स्वामी विवेकानंद, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जैसी विभूतियों का उदाहरण देते हुए कहा कि कायस्थ समाज आचरण, नेतृत्व आदि में अव्वल रहे हैं। उन्होंने कहा कि भगवान चित्रगुप्त के बिना जीवधारियों के कर्मो का लेखा जोखा नही हो सकता, इस समाज को लेखन, लेखनी, पठन पाठन से अपना वर्चस्व, पहचान एवं विशेषता बनाये रखनी होगी। यह समाज भारत की सांस्कृतिक विरासत है जो एकता का भाव लेकर आता है। इसमे सर्वमान्यता का भाव है। बस अपील है कि कुरीतियों के खिलाफ अभियान चलाकर समाज व राष्ट्रहित में अपना योगदान दे। महासभा प्रदेश अध्यक्ष डा इंद्रसेन श्रीवास्तव की दो मांगो सामान्य कायस्थ पिछड़ा वर्ग आरक्षण एवं अयोध्या में राम मंदिर से पूर्व भव्य व दिव्य चित्रगुप्त मन्दिर के जवाब में बोलते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कायस्थ समाज हर मामले में अग्रणी है और अयोध्या राम मंदिर निर्माण के दौरान हर उस मन्दिर का निर्माण होगा जो रामकथा में वर्णित है, अगर श्री चित्रगुप्त मन्दिर का वर्णन होगा तो वह जरूर बनेगा।
इससे पूर्व स्वागत भाषण कार्यक्रम संयोजक एवं महासभा कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष संतोष निगम ने पढ़ा। महासभा जिलाध्यक्ष सुशील श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कायस्थ एकजुटता का संदेश देते हुए महासभा की उपलब्धियों एवं उद्देश्यों पर संक्षिप्त प्रकाश डाला। कांग्रेस प्रवक्ता विकास श्रीवास्तव ने कहा कि कायस्थ समाज के विकास के लिए राजनैतिक चेतना बेहद जरूरी है, कायस्थ समाज की दिशा व दशा तय करता है। कवि डॉ सर्वेश अस्थाना ने काव्य पाठ कर लोगो को मंत्रमुग्ध किया उससे पूर्व सूरज श्रीवास्तव ने कहा कि एकला चलो से चेतना आएगी, स्वामी विवेकानंद से प्रेरणा लेने की जरूरत है। लखनऊ नगर निगम के वार्ड माँ शीतला देवी 89 विजयी एकमात्र पार्षद अनूप कमल सक्सेना : एकता बेहद जरूरी है।
महासभा के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव रत्न खरे ने अपने संबोधन में कहा कि कायस्थ समाज का योगदान इतिहास के पन्नो में दर्ज है। वर्तमान परिदृश्य को देखते हुए कायस्थ एकता व समाज के प्रति समर्पण की महती आवश्यकता है। उन्होंने कहा लखीमपुर के कायस्थ एकता के मार्ग पर चल रहे हैं जिसका उदाहरण हाल ही के नगर निकाय चुनाव में देखने को मिला है।
प्रधानमंत्री पुरस्कार से सम्मानित पुलिस महानिरीक्षक अखिलेश निगम ने सामाजिक संदेश देते हुए कहा कि पर्यावरण जागरूकता में आगे आये, भारतीय संस्कृति से जुड़ें, जन्मदिन पर मोम बत्ती बुझाकर नही दीप प्रज्वलित कर करें और नशामुक्ति के प्रति संकल्पित हों। पूरे कार्यक्रम में वक्ताओं के वक्तव्य में निर्दलीय चेयरमैन डॉक्टर इरा श्रीवास्तव की चुनौतीपूर्ण ऐतिहासिक विजय सराही गयी, वक्ताओं ने कहा कि ड़ॉ इरा श्रीवास्तव की निर्दलीय विजय बहुत बड़ी बात है, एक महिला की वो भी कायस्थ की। सम्मान से विभूषित चेयरमैन डॉक्टर इरा श्रीवास्तव ने सभी का आभार व्यक्त किया। इसके अलावा महासभा के इस मंच से लखनऊ शीतला देवी वार्ड 89 से एकमात्र पार्षद अनूप कमल श्रीवास्तव समेत प्रदेश से नगर निकाय चुनाव में सियासी सफलता अर्जित करने वाले कायस्थ विजेताओं को सम्मानित कर ऊर्जित किया गया।
कार्यक्रम को पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष रमेश श्रीवास्तव, भाजपा प्रवक्ता हरीश श्रीवास्तव, नरेंद्र श्रीवास्तव, नवीन श्रीवास्तव आदि ने संबोधित किया। इस अवसर पर श्री चित्रगुप्त कायस्थ सभा लखीमपुर जिलाध्यक्ष राजेश श्रीवास्तव एड. , महासचिव प्रदीप सक्सेना मुकेश, संतोष कुमार श्रीवास्तव, पत्रकार अनिल कुमार श्रीवास्तव सहित दर्जनों लोग उपस्थित रहे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Post Comments