● माहौल खराब करने वालों के खिलाफ होगी कठोर कार्रवाई, भाईचारे, सद्भावना से मनाये त्यौहार : डीएम’
लखीमपुर खीरी 27 जून। बकरीद पर्व व श्रावण मास को देखते हुए डीएम महेंद्र बहादुर सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को कलक्ट्रेट में ज़िला शांति समिति की बैठक हुई। इसमें डीएम ने धर्मगुरुओं, संभ्रांत लोगों के साथ बातचीत कर सभी को आपसी भाईचारा, सौहार्द व शांति व्यवस्था के साथ पर्व मनाने की अपील की। बैठक में मौजूद संभ्रान्त लोगों ने आश्वस्त किया कि आगामी त्योहार को शासन-प्रशासन की गाइडलाइन व दिशा निर्देशों का पालन करते हुए गत वर्षों की भांति सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जायेगा।
डीएम ने जनपद की शांति को बनाए रखने में सभी समुदायों के प्रबुद्धजनों, धर्मगुरुओं से सहयोग की अपील की। जनपद की छवि शांतिपूर्ण जनपद की है। सभी त्योहार को सादगी के साथ मनाएं। पर्व भाईचारा को संदेश देते हैं। सभी लोगों ने जनपद में शांति व्यवस्था के साथ पर्व मनाए जाने का आश्वासन दिया। शांति समिति की सार्थकता का उल्लेख करते हुए डीएम ने कहा कि बैठक मे उठाये गये बिन्दुओं से हमें आगामी त्यौहारों को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने हेतु कार्ययोजना बनाने एवं उनके क्रियान्वयन में मदद मिलेगी तथा किसी भी आने वाली समस्या का समाधान हम पहले से ही करने में सफल हो सकेगे।
उन्होंने सभी को आगामी त्योहारों के लिए बधाई व शुभकामना दी। कुर्बानी की कोई भी फोटो या वीडियो सोशल मीडिया पर कदापि शेयर ना करें, ऐसा करने वालों पर प्रशासन कड़ी कार्यवाही करेगा। बैठक के दौरान डीएम ने आश्वस्त किया कि संभ्रान्त लोगों व धर्म गुरूओं की ओर से साफ-सफाई, बिजली, पानी इत्यादि के सम्बन्ध में जो महत्वपूर्ण सुझाव प्राप्त हुए हैं उसका समय से निराकरण कराया जायेगा।
डीएम ने अधिशासी अधिकारियों व डीपीआरओ को निर्देश दिया कि नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों में समुचित साफ-सफाई विशेषकर धार्मिक स्थलों के आस-पास पर्याप्त साफ-सफाई करा दें। उन्होंने मौजूद लोगों का आह्वान करते हुए कहा कि सफाई व्यवस्था में सभी की सहभागिता आवश्यक है। इस कार्य में सभी लोग भरपूर सहयोग देते हुए ग्रामीण व नगर क्षेत्र को साफ-सुथरा बनाये रखने में सहयोग करें।
*समस्याओं का समय से निराकरण कराएं*
डीएम महेंद्र बहादुर सिंह व एसपी गणेश प्रसाद साहा ने कहा कि सभी लोग एक दूसरे की भावनाओं का सम्मान करते हुए भाईचारे के साथ त्योहार को मनायें। असामाजिक तत्वों से सावधान रहें, यदि कोई अप्रिय बात हो तो उच्च अधिकारियों के संज्ञान में अवश्य लायें। डीएम व एसपी ने कहा कि शरारती व असामाजिक तत्वों पर सतर्क दृष्टि रखी जा रही है। किसी को कानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने की अनुमति नहीं होगी। गुड पुलिसिंग व्यवस्था रहेगी, परन्तु माहौल को खराब करने वालों के विरूद्ध नियमानुसार सख्ती से कार्रवाई की जायेगी।
बैठक में सीडीओ अनिल कुमार सिंह व एडीएम संजय कुमार सिंह ने अपने सारगर्भित विचार व्यक्त करते हुए कहा कि कोई नई परंपरा नहीं शुरू होगी। किसी प्रकार का विचलन स्वीकार्य नहीं होगा। प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी किसी भी दशा में नहीं होगी। बैठक में सीडीओ अनिल कुमार सिंह, एडीएम संजय कुमार सिंह, एसडीएम सदर श्रद्धा सिंह, सीओ सिटी संदीप सिंह, डीएसओ अंजनी कुमार सिंह, ईओ संजय कुमार, सहित समाज के संभ्रांत नागरिक एवं प्रबुद्ध जन मौजूद रहे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Post Comments