Breaking

रविवार, 25 जून 2023

प्रयागराज / यूपी बोर्ड के 9-12वीं तक के सिलेबस में किए गए ये बदलाव, अब क्रिप्टो और AI की भी होगी पढ़ाई

 प्रयागराज। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने नौवीं से लेकर 12वीं क्लास तक के पाठ्यक्रम में2023 बदलाव किया है. जिसके तहत नैतिक, योग, खेल एवं शारीरिक शिक्षा पाठ्यक्रम में छत्रपति शिवाजी, बिरसा मुंडा विनायक दामोदर सावरकर समेत 50 महापुरुषों की जीवनी को शामिल किया गया है.उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव दिव्यकांत शुक्ल के मुताबिक, 9वीं से लेकर 12वीं तक के नैतिक शिक्षा के पाठ्यक्रम में 50 महापुरुषों की जीवनगाथा जोड़ी गई है. इसके साथ ही कंप्यूटर के पाठ्यक्रम में भी कई चीजों को शामिल किया गया है.यूपी बोर्ड ने 9वीं से लेकर 12वीं तक के पाठ्यक्रम में जो बदलाव किए हैं उनकी पढ़ाई इसी साल यानी 2023-24 सत्र से शुरु हो जाएगी. जिसमें 10वीं कक्षा के नैतिक शिक्षा पाठ्यक्रम में पंडित जवाहरलाल नेहरू, स्वामी दयानंद, स्वामी विवेकानंद, पंडित श्रीराम शर्मा समेत आठ महापुरुषों के जीवन के बारे में पढ़ेंगे. पाठ्यक्रम में नई चीजें शामिल करने का उद्देश्य बच्चों का सर्वांगीण विकास है. सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर यूपी बोर्ड के विषय विशेषज्ञों ने इन महापुरुषों के नाम की सूची को शासन को भेजा था.बता दें कि उतर प्रदेश बोर्ड के 27000 से ज्यादा राजकीय सहायता प्राप्त वित्तविहीन स्कूल हैं. जिनमें 9वीं से लेकर 12वीं क्लास में एक करोड़ से ज्यादा बच्चे पढ़ते हैं. बोर्ड का कहना है कि नए सिलेबस से बच्चों का सर्वांगीण विकास होगा. नौवीं के पाठ्यक्रम में सूर्य नमस्कार, आसन स्वास्थ्य, मुद्रा, प्राणायाम एवं स्वास्थ्य, योग निद्रा त्राटक जैसे विषयों को शामिल किया गया है. इसके अलावा इसमें अष्टांग योग के बारे में भी विस्तार से पढ़ाया जाएगा. बता दें कि नैतिक, योग तथा खेल एवं शारीरिक शिक्षा पाठ्यक्रम के तहत 50 अंकों की लिखित परीक्षा भी होगी. इसके साथ ही 50 अंक की प्रयोगात्मक परीक्षा के लिए निर्धारित किए गए हैं.यूपी बोर्ड ने 11वीं कक्षा के पाठ्यक्रम में कंप्यूटर विषय में भी कई बदलाव किया है. जिसके तहत अब स्टूडेंट्स कम्प्यूटर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ब्लॉक चेन टेक्नोलाजी डिजिटल क्रिप्टो करेंसी के बारे में भी पढ़ेंगे. इसके अलावा इंटरनेट ऑफ थिंग्स, थ्रीडी प्रिंटिंग क्लाउड कंप्यूटिंग की पढ़ाई कराई जाएगी. जिससे उन्हें टेक्नोलॉजी को समझने में मदद मिल सके. वहीं 12वीं के कंप्यूटर विषय में स्टूडेंट्स को रोबोटिक्स, ड्रोन टेक्नोलॉजी कोर जावा लैंग्वेज जैसे एडवांस्ड लेवर की जानकारी दी जाएगी.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments