● मानवता के ध्रुवतारे रेडक्रॉस संस्थापक हेनरी ड्यूनेंट के जन्मोत्सव के साथ शुरू हुआ विश्व रेडक्रॉस दिवस का यह कार्यक्रम
लखीमपुर। इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी की लखीमपुर जिला इकाई ने ओयल स्थित नेशनल पब्लिक स्कूल के बच्चों के साथ विश्व रेडक्रॉस दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाते हुए मानवता का पाठ पढ़ाया। "फ्रॉम द हार्ट" थीम पर आधारित इस कार्यक्रम में सैकड़ों बच्चों व दर्जनों समाजसेवियों, अध्यापकों, विद्यालय स्टाफ ने प्रतिभाग लेकर मानवीयता के प्रदीप्त दीपक को प्रज्ज्वलित रखने का संकल्प लिया।
विश्व रेडक्रॉस दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ वैश्विक स्तर पर सक्रिय मानवतावादी संगठन रेडक्रॉस के संस्थापक, नोबेल पुरस्कार से सम्मानित श्रधेय हेनरी ड्यूनेंट का जन्मोत्सव मना कर किया गया। इस दौरान केक व मिठाईयां बांट कर रेडक्रॉस सेवियों ने बच्चों के साथ खुशी का इजहार किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन रेडक्रॉस आजीवन सदस्य आर्येन्द्र पाल सिंह ने मनमोहक अंदाज में किया। रेडक्रॉस जिला सचिव आरती श्रीवास्तव ने रेडक्रॉस दिवस के महत्व को समझाते हुए कहा कि यह दिवस मानवता, करुणा एवं एकजुटता को दर्शाता है। उन्होंने बताया रेडक्रॉस एक वैश्विक मानवीय नेटवर्क है जो लगभग हर देश मे संचालित है। आज रेडक्रॉस के संस्थापक का जन्मदिवस है, उनको सम्मानित करने उनको याद कर उनके आदर्शों पर चलने के लिए यह रेडक्रॉस दिवस हर साल पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। इससे पूर्व इंडियन रेडक्रॉस के आजीवन सदस्य विजय यादव ने रेडक्रॉस सोसायटी के प्रेरणादायी कार्यो पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रेडक्रॉस लोगो के कल्याणार्थ काम करती है। प्राकृतिक आपदाओं, बीमारियों, युद्ध, जलवायु संकट, और महामारी जैसी स्थितियों में रेडक्रॉस सेवी मानव सेवार्थ अपने नैतिक व मानवीय कर्तव्यों का पालन करते हुए संकट से उबारते हैं। उन्होंने प्रथम विश्व युद्ध का जिक्र करते हुए घायल सैनिकों में राष्ट्रीयता न देखकर मानवीयता के आधार पर रेडक्रॉस द्वारा सहायता का उदाहरण भी दिया। इस दौरान मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए समाजसेवी राखी चोपड़ा ने बच्चों को जॉय ऑफ गिविंग का पाठ पढ़ाया। उन्होंने बच्चों को बताया कि जरूरतमंद की सहायता से आत्मसंतुष्टि भी मिलती है और सामाजिक विकास को बढ़ावा भी। विशिष्ट अतिथि के रूप में बोलते हुए समाजसेवी सपना कक्कड़ ने जरूरतमंदों की सेवा का भाव हर नागरिक में होना चाहिए, यह भाव न सिर्फ समाज बल्कि देश के विकास में भी सहायक है।
विद्यालय प्रबंधक दीपाली गोयल ने कार्यक्रम में उपस्थितजनों को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि यह विद्यालय का सौभाग्य है कि मानवतावादी संगठन का मानवसेवा पर दिल से आधारित इस कार्यक्रम का आयोजन हुआ और विद्यालय के बच्चों को परोपकार का पाठ पढ़ाया गया। कार्यक्रम का समापन कार्यक्रम संचालक श्री सिंह ने बच्चों की मानवता पाठ प्रश्नोत्तरी से किया।
इस विश्व रेडक्रॉस दिवस की थीम थी "फ्रॉम द हार्ट"।
इस अवसर पर विशेष रूप से जेसीआई लखीमपुर अध्यक्ष सौरभ गुप्ता, रेडक्रॉस आजीवन सदस्य एड अनुराग सक्सेना, सुनीता सिंह आदि लोग उपस्थित रहे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Post Comments