Breaking

बुधवार, 14 दिसंबर 2022

शिवपाल सिंह यादव के सहयोग के बगैर नहीं बनेगी केंद्र की अगली सरकार-राजेश यादव

मुंबई उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग आयोग के पूर्व सदस्य निदेशक एवं  शिवपाल सिंह यादव के नेतृत्व वाली प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) 'प्रसपा' के प्रवक्ता राजेश यादव ने कहा है कि 'प्रसपा' के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव के सहयोग के बगैर केंद्र में अगली सरकार का गठन संभव नहीं है। श्री यादव ने अपने मुंबई प्रवास के दौरान आज यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी पार्टी  उत्तर प्रदेश  में कम से कम 35 सीटें जीतने का लक्ष्य बनाकर  आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुट गई है ।उन्होंने कहा कि चूंकि अखिलेश यादव  राजनीतिक अपरिपक्वता एवं अपने अड़ियल स्वभाव के चलते नेताजी मुलायम सिंह यादव की राजनीतिक विरासत को संभाल पाने में पूरी  तरह नाकाम  साबित हुए हैं। उन्होंने कहा कि  नेताजी के असली राजनीतिक उत्तराधिकारी शिवपाल सिंह यादव हैं। ऐसी स्थिति में जब अखिलेश  यादव  पार्टी को चुनाव नहीं जितवा पा रहे हैं, और पार्टी लगातार चुनाव हारती जा रही है तो  सूबे की जनता और समाजवादी विचार के लोग अब आशा भरी नजरों से शिवपाल  सिंह यादव  की तरफ देख रहे हैं।
राजेश यादव ने आगे कहा कि शिवपाल सिंह यादव संघर्ष की कोख से निकले  गजब के जीवट  के नेता हैं।  उन्होंने कहा कि वह साफ नीयति वाले एक नेक दिल इंसान हैं।  दूसरों के सुख-दुख में खड़ा होना उनके स्वभाव में है।
उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए उन्होंने  अपनी ओर से पूरा प्रयास किया। लेकिन भतीजे की अति महत्वाकांक्षा के  कारण  उन्हें लगातार दरकिनार कर  महत्वहीन बना देने के कारण शिवपाल यादव अपने भतीजे को चाहते हुए भी मुख्यमंत्री नहीं बना पाए।राजेश यादव ने कहा परिवार की प्रतिष्ठा बचाने और भतीजे अखिलेश को सीएम बनाने के लिए शिवपाल यादव बार-बार अपमान का घूंट पीते रहे। विधानसभा चुनाव में उन्हें पहले 50 सीट देने की बात हुई। इसके बाद  30 फिर 10 और अंत में 5 सीट देने की बात हुई। मगर उन्हें अखिलेश यादव नें 5 सीट भी देने से मना कर दिया। जयंत चौधरी ने अपने कोटे से एक सीट दे कर उन्हें चुनाव लड़वाया।  चुनाव हराने का भी खूब प्रयास हुआ। लेकिन जनता ने लाज रखते हुए शिवपाल यादव को भारी मतों के अंतर से विजयी बनाया। 
  राजेश यादव ने पूछा है कि क्या नेताजी के प्रति जीवन भर वफादार बने रहना, अखिलेश की पढ़ाई से लेकर उन्हें मुख्यमंत्री बनाने के लिए  खुले मन से कोशिश करना गद्दारी  है। उन्होंने कहा कि 'प्रसपा' छोटे-छोटे  दलों को मिलाकर प्रदेश में एक बड़ी  राजनीतिक ताकत बनाने के प्रयास में लगी है। इसके लिए समान विचारधारा वाले  दलों के साथ  बातचीत  चल रही है।
राजेश यादव ने  मुंबई के प्रवासी उत्तर भारतीयों से शिवपाल सिंह यादव  को अपना समर्थन  देकर उन्हें ताकत प्रदान करने की अपील की है ताकि वह मजबूती के साथ प्रभावी तरीके से समाज की सेवा कर सकें।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments