Breaking

बुधवार, 11 फ़रवरी 2026

शीत की रात में करुणा का सूर्योदय : नवरत्न फाउंडेशन्स की शीत-कवच साधना से मुस्काए नौनिहाल, सशक्त हुए श्रमवीर

🔘 शीत की रात में करुणा का सूर्योदय : नवरत्न फाउंडेशन्स की शीत-कवच साधना से मुस्काए नौनिहाल, सशक्त हुए श्रमवीर

नोएडा। कड़ाके की ठंड में जब हवा भी सिहर उठे, तब किसी के कंधों पर रखी गई एक गरमाहट जीवन का भरोसा बन जाती है। ऐसी ही मानवीय संवेदना की मिसाल बना नवरत्न फाउंडेशन्स, नोएडा का शीत कवच अभियान, जिसने अपने अंतिम चरण में नौनिहालों संग श्रमजीवियों के चेहरों पर भी सुकून और मुस्कान की रोशनी बिखेर दी।

राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, गाजियाबाद से लेकर प्राइमरी स्कूल, कांशीराम कॉलोनी सेक्टर-45 नोएडा, नेताजी सुभाष चंद्र बोस संस्कार केंद्र, जेजे कॉलोनी सेक्टर-17 तथा सेक्टर-8 बांस बल्ली मार्केट तक सेवा की यह यात्रा हर उस द्वार पर पहुँची, जहाँ ठंड सबसे पहले दस्तक देती है। इस चरण में 600 से अधिक विद्यार्थियों को स्वेटर और विभिन्न सेक्टरों में कार्यरत 120 सुरक्षाकर्मियों को कंबल वितरित किए गए। नोएडा पंजाबी समाज, यश कृष्ण मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट, लेडीज क्लब ऑफ क्लब-26 और अनेक समाजसेवी हाथों के सहयोग से संचालित इस अभियान ने इस वर्ष कुल मिलाकर करीब 1200 आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को शीत प्रहार से सुरक्षा प्रदान की। यह केवल वस्त्र वितरण नहीं, बल्कि संवेदनाओं की वह चादर थी, जिसमें लिपटकर असहाय जीवन ने भी आशा की ऊष्मा महसूस की। इस मानवीय महायज्ञ में डॉ. अशोक श्रीवास्तव (अध्यक्ष), मुरलीधरन ए.वी. (महासचिव), विभा मिश्रा (संरक्षक), हेमंत शर्मा (उपाध्यक्ष), अजय मिश्रा (कार्यालय प्रभारी) सहित सुनीता शुक्ला एवं संगीता तिवारी के समर्पित प्रयासों ने सेवा को साकार रूप दिया। साथ ही सभी दानदाताओं और सहयोगी संस्थाओं का योगदान इस अभियान की प्राणवायु बना। शीत कवच अभियान यह सन्देश देता है कि समाज की सबसे बड़ी पूंजी करुणा, सहयोग और संवेदना जब एकजुट होती है, तब ठंड भी हार मान लेती है और मानवता जीत जाती है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments