Breaking

मंगलवार, 7 मई 2024

रायबरेली / रिश्तों की प्रियंका ने दी दुहाई, किया बड़ी लड़ाई का आह्वान,

रिश्तों की प्रियंका ने दी दुहाई,किया बड़ी लड़ाई का आह्वान, नए अंदाज में किया चुनाव अभियान का आगाज

रायबरेली।कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने रायबरेली में नए अंदाज में चुनाव अभियान का आगाज कर दिया है। प्रियंका ने चार पीढ़ियों से चल रहे रिश्तों की दुहाई दी और बड़ी लड़ाई के लिए आह्वान किया।कार्यकर्ताओं से 24 में से 20 घंटे देश के लिए मांगा।रायबरेली में कार्यकर्ता सम्मेलन में प्रियंका गांधी ने कार्यकर्ताओं को कभी पुचकारा तो कभी आगाह किया, भाजपा का डर दिखाया तो संविधान रक्षा से लेकर पोलिंग बूथ पर सतर्क रहने का संदेश दिया।हम में लड़ने की हिम्मत है। लड़ेंगे और जीतेंगे भी।प्रियंका ने कहा कि यदि डर रहे हों तो अभी पीछे हट जाना। आगे बढ़ना तो फिर रूकना नहीं।प्रियंका ने कार्यकर्ताओं को बूस्टर डोज देने का प्रयास किया है। प्रियंका गांधी ने भाजपा सरकार की तुलना ब्रिटिश शासन से करते हुए कहा कि यह वक्त, उस वक्त से अलग नहीं है। देश में गरीबों और किसानों को नकारा जा रहा है, लोकतंत्र खतरे में है,लेकिन हर धर्म में सेवा का धर्म सिखाया जाता है। सत्य के साथ रहना चाहिए। यही हमारी राजनीति का आधार रहा है। प्रियंका गांधी ने रायबरेली और अमेठी में कांग्रेस सरकार के कराए विकास कार्यों की दुहाई दी। प्रियंका ने कहा कि कई बार चाह कर भी यहां के लोगों की मदद नहीं कर पाई। किसी ने नल मांगा तो किसी ने सड़क। मांगना मतदाताओं का अधिकार है प्रियंका गांधी ने संबोधन में राहुल गांधी का सिर्फ दो बार नाम लिया। प्रियंका ने कहा कि वह बड़े भाई को जिताने के लिए आई हैं।क्योंकि रायबरेली और अमेठी का संदेश दूर तक जाता है।इस बीच प्रियंका ने बार-बार किशोरी लाल शर्मा का नाम लिया। प्रियंका ने कहा कि 1999 में जब यहां आई तो किशोरी लाल ने ही चुनाव संचालन सिखाया है। आज जो भी है, सब उन्हीं की वजह से है। किशोरी ने ही यह बताया कि कार्यकर्ताओं से कैसे जुड़ा जाता है। वह चाहते थे कि मैं चुनाव लड़ूं,लेकिन मैंने कहा कि आपको चुनाव लड़ाऊंगी।प्रियंका का बार-बार किशोरी का नाम लेने के पीछे भी सियासी निहितार्थ हैं। वह कार्यकर्ताओंको आश्वस्त करना चाहती हैं कि किशोरी लाल के जरिए वह परोक्ष रूप से खुद चुनाव लड़ रही हैं।प्रियंका गांधी ने रायबरेली से मोतीलाल नेहरू और जवाहर लाल नेहरू के रिश्ते को गिनाया। प्रियंका ने कहा कि वे यहीं से देश के लिए लड़े थे,वे लोकतंत्र के लिए लड़े थे।अब एक बार फिर लोकतंत्र की लड़ाई है।प्रियंका ने अपनी दादी इंदिरा गांधी को याद करते हुए कहा कि वह भी इसी रायबरेली से चुनाव लड़ती थीं।हारी भीं श,लेकिन रायबरेली नहीं छोड़ी,अपनी कमियां दूर कीं।अगले चुनाव में इसी रायबरेली ने जीत दिलाई। प्रियंका गांधी ने इंदिरा गांधी का उदाहरण देकर अमेठी में राहुल गांधी के नहीं आने को लेकर उठ रहे सवालों का भी जवाब दिया। प्रियंका ने कहा कि वह पिताजी के साथ यहां आती थीं। फिर मां के चुनाव में आईं। इसके जरिये प्रियंका ने रिश्तों की डोर को मजबूत करने का भरसक प्रयास किया है।

● प्रियंका गांधी ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश कहा  अभी जिसे डर लगता है वो पीछे हट जाए फिर हटने नहीं दूंगी

रायबरेली।कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने रायबरेली पहुंचकर चुनाव प्रचार की कमान संभाल ली है।भुएमऊ गेस्ट हाउस में प्रियंका ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा पर जमकर निशाना साधा। प्रियंका ने कहा कि देश के हालात बहुत खराब हैं।मैं यहां आ गई हूं।चुनाव में 329 घंटे बाकी हैं,लगातार काम करना है,हर हाल में जीत दर्ज करनी है, मैं आपके साथ कंधे से कंधा मिलाकर लड़ूंगी।अभी जिसे डर लगता है वो पीछे हट जाए फिर नहीं हटने दूंगी।रायबरेली वो किला है जिसे भाजपा ढहा नहीं पाई है। यहां पर हमारी जीत का संदेश दूर तक जाएगा। तैयार हो जाइए। चुनाव तक लगातार काम करना है।
प्रियंका गांधी ने कहा कि भाजपा लोगों के जज्बात उभारकर वोट की राजनीति कर रही है।युवा रोजगार की नौकरी की मांग करते हैं और भाजपा पाकिस्तान की बात कर रही है। जनता महंगाई से परेशान है,लेकिन उस पर कुछ नहीं करते हैं। प्रियंका ने कहा कि भाजपा ने इलेक्टोरल बांड लाकर भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया है। जब सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर लिस्ट सामने आई तो पता चल गया। भाजपा इलेक्टोरल बांड के जरिए धन देने वालों के नाम गुप्त रखती है।प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा पर हमला बोला। प्रियंका ने कहा कि मोदी यदि विश्व के सबसे बड़े नेता हैं तो देश में रोजगार क्यों नहीं लाते हैं।सत्ता पाने के लिए अरबपतियों से सांठगांठ करते हैं और कांग्रेस को सबसे भ्रष्ट पार्टी बताते हैं,परिवारवाद की बात करते हैं,लेकिन उनकी ही पार्टी में भाई, बहन, चाचा, चाचियां इकट्ठे हो रहे हैं। क्या यह परिवारवाद नहीं है।
प्रियंका ने कहा कि चुनाव के समय दो-दो सीएम को जेल में डाल देते हैं।यह सब क्यों कर रहे हैं,सिर्फ सत्ता में आने के लिए। इन सभी की बड़े अरबपतियों से सांठगांठ है। 50 हजार रुपये की खातिर किसान आत्महत्या कर रहा है, क्योंकि वह अपना कर्ज चुका नहीं पा रहा है,अपनी बेटियों की शादी नहीं कर पा रहा है, उनका पैसा माफ नहीं कर रहे हैं, लेकिन अरबपतियों का पैसा माफ कर रहे हैं। यह सच्चाई आपको नहीं दिखाएंगे।प्रियंका गांधी ने भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि आपको दिख रहा है कि देश आगे बढ़ रहा है। जी-20 हो रहा है, विदेशी देश की बड़ाई कर रहे हैं।आपको बताया जाता है कि मोदी विश्व के बड़े नेता बन गए हैं। वह पूरी दुनिया में युद्व रोक सकते हैं। यदि वह इतने बड़े नेता हैं और 10 साल उनकी सरकार देश में है तो रोजगार दिलाएं। आज देश की जनता का अनादर हो रहा है। नेता समझ रहे हैं कि आज जनता को जवाब देने की कोई जरूरत नहीं है। हम सबको भाजपा का डटकर मुकाबला करना है। जनता के बीच जाएं। भाजपा की कुरीतियों को बताएं। इस चुनाव में भाजपा को उखाड़ फेंकना है।
प्रियंका गांधी ने कहा कि भाजपा भ्रष्टाचार की बात करती है। सबसे बड़़ा भ्रष्टाचार तो इन्होंने किया है। गुजरात में पुल बनाने वाली कंपनी से चंदा ले लिया। पुल ढह गया और उसमें सैकड़ों लोगों ने अपनी जान गंवा दी। जिसको धमकाया, जिनके घरों पर छापा डलवाया, उनसे चंदा लिया। इसका नतीजा ये हुआ कि भाजपा दुनिया की सबसे अमीर पार्टी बन गई। वे आप की भावनााओं को कैसे समझ पाएंगे। आप कांग्रेस के कार्यकर्ता हो। आपको कोई पैसा नहीं मिलता है। आप जनभावना से सेवा करते हो। दुनिया में उन्होंने अपनी पार्टी को सबसे अमीर बना दिया और वह कहते हैं कि कांग्रेस सबसे भ्रष्ट पार्टी है।प्रियंका गांधी ने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव में वह रायबरेली का काम देख रही थी। पार्टी की तरफ से एक कार्यक्रम हुआ था, जिसमें छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जी आए थे। कार्यक्रम के बाद बघेल जी से पूछा तो उन्होंने कहा कि दीदी यहां के लोग डरे हुए हैं। उन पर सरकार का दबाव रहता होगा, क्योंकि उन्होंने कोई सवाल ही मुझसे नहीं किया। वहीं छत्तीसगढ़ में ऐसा नहीं रहता है, क्योंकि वहां पर हमारा काम ध्यान पर रहता है। हमें मालूम है कि हमें काम के आधार पर वोट लेना है। उत्तर प्रदेश की स्थिति अलग है। यहां का नेता जानता है कि वोट के समय धर्म की बात करेगा तो उसे वोट मिल जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments