Breaking

गुरुवार, 9 नवंबर 2023

लखीमपुर मेले में रचनाधर्मी राममोहन गुप्त के "स्वप्न हुए साकार" का केंद्रीय मंत्री ने किया विमोचन

रचनाधर्मी राममोहन गुप्त के "स्वप्न हुए साकार" का केंद्रीय मंत्री ने किया विमोचन

● साहित्य एवं सेवा के क्षेत्र में कई सम्मानों से अलंकृत राममोहन गुप्त अपने सृजन से साहित्य साधना को दे रहे हैं अनवरत गति

लखीमपुर। लखीमपुर ऐतिहासिक मेले के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रंखला में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के आयोजन अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में लखीमपुर के रचनाधर्मी राममोहन गुप्त 'अमर' के काव्य संकलनों से सुसज्जित काव्य संग्रह 'स्वप्न हुए साकार" का विमोचन आयोजन के मुख्य अतिथि केंद्रीय गृहराज्य मंत्री अजय कुमार मिश्रा 'टेनी' के कर कमलों से किया गया। विमोचन के इस गौरव के पल में सदर विधायक योगेश वर्मा, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष डॉ0 इरा श्रीवास्तव, विश्व विख्यात कवि एवं गीतकार विष्णु सक्सेना, सर्वेश अस्थाना, रामेन्द्र त्रिपाठी, हास्य व्यंग्यकार शंभू शिखर, गीतकार गजेंद्र प्रियांशू ने विशिष्ट रूप से सक्रिय उपस्थिति दर्ज करवाते हुए पत्रिका के रचनाकार श्री गुप्त का उत्साहवर्धन किया। 
उल्लेखनीय है कि बचपन से ही कुछ अलग, अच्छा और सीधा सच्चा करने की चाह लिए सांस्कृतिक, सामाजिक कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता लेने वाले अर्थशास्त्र में परास्नातक, 'स्वप्न हुए साकार' के सृजनकर्ता श्री गुप्त ने भारतीय स्टेट बैंक में 38 वर्षो तक सेवाएं दी और उसके बाद ससम्मान सेवानिवृत्त हुए। 

लेखक, काव्य रचनाओं, सामाजिक सेवा, उत्तम कार्यक्रम संचालक, प्रशिक्षक एवं प्रेरक के रूप में ख्यातिबलब्ध श्री गुप्त कथा कुंज, साहित्य रत्न, काव्य रत्न, साहित्य शब्द सारथी, शानदार शायर, काव्य सृजन, सर्वश्रेष्ठ रचनाकार आदि सम्मानों से विभूषित हैं। स्वयं को जाने को संदर्भित "तू ही तेरा सारथी" प्रकाशिक पुस्तक के रचयिता साहित्य गौरव, हिंदी गौरव और देवनागरी गौरव जैसे प्रतिष्ठित सम्मान भी अर्जित कर चुके हैं। इसके अलावा तमाम सामाजिक संस्थाओं, संगठनों एवं समूहों से प्रत्यक्ष व परोक्ष रूप से जुड़कर सामाजिक उत्थान में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। 

स्वप्न हुए साकार के विमोचन पर साहित्य साधना को अनवरत गति देने वाले रचनाधर्मी श्री गुप्त को क्षेत्र के कई साहित्यधर्मियों, कवियों, समाजसेवियों, पत्रकारों एवं अधिकारियों, कर्मचारियों ने शुभकामनाएं दी हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments