Breaking

सोमवार, 10 जुलाई 2023

बांकेगंज ( खीरी) / आम बीनने गए किशोर का शव मिला, विद्युत करंट से मौत की आशंका

बाग में आम के पेड़ के नीचे पड़ा था किशोर, बाईं कोहनी में गहरा जख्म और पीठ पर निशान था।
●  माता अमीना ने बताया कि गांव के ही एक अन्य युवक कल्लू के साथ आम बीनने गया था किशोर।

   संवाददाता, बांकेगंज । मैलानी थाना क्षेत्र के बांकेगंज पुलिस चौकी अंतर्गत अपने एक साथी के साथ सुबह चार बजे आम बीनने गए सत्रह वर्षीय एक किशोर का शव रामनगर स्थित एक बाग में पेड़ के नीचे मिला। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची महिला ने पुलिस में रोती बिलखती माता के सामने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 

    मामला बांकेगंज पुलिस चौंकी के ग्रंट नंबर 10 के केसरीपुर गांव का है। केसरीपुर निवासी अमीना पत्नी नवाब अली ने बताया कि उसका पुत्र कमरुद्दीन सोमवार की सुबह चार बजे के करीब गांव के ही एक लड़के कल्लू पुत्र भगत के साथ आम बीनने के लिए गया था। उसके बाद वह नहीं लौटा। सुबह एक फोन द्वारा यह सूचना मिली थी कि मेरा लड़का रामनगर के बाग में मृत पड़ा है। उसके बाद ही मैं यहां आई हूं। यद्यपि पास खड़ी एक महिला ने बताया कि कल्लू तो सुबह छः बजे ही घर से काम करने के लिए निकल जाता है।  बाग में पेड़ के नीचे शव मिलने की जानकारी मिलने के बाद आसपास के किसान भी बाग में पहुंच गए। मैलानी थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार यादव, गोला क्षेत्राधिकारी राजेंद्र कुमार कुकरा और बांकेगंज चौकी इंचार्ज भी अपने दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मृतक कमरुद्दीन के बाएं हाथ की कोहनी के निकट गहरा जख्म था तथा पीठ पर एक लंबा सा निशान बना हुआ था। शव से लगभग दो फुट की दूरी पर कुछ खून गिरा था। उसकी उंगलियां मुड़ी हुई थी। शव की स्थिति देखकर लोग विद्युत करंट से मौत होने की चर्चा करने लगे। शव के निकट तार न होने से यह आशंका भी व्यक्त की जा रही थीं कि शव को कहीं दूसरी जगह से लाकर पेड़ के नीचे डाला गया है। लोग अपनी-अपनी तरह से मौत की चर्चाओं पर कयास लगाते रहे और पुलिस ने मौत की सही स्थिति जानने के लिए शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
      पुलिस के पूछने पर मृतक की माता अमीना ने किसी से भी किसी प्रकार की दुश्मनी होने से इनकार किया तथा बताया कि मृतक कमरुद्दीन तीसरे नंबर का पुत्र था। करीब डेढ़ वर्ष पहले पिता के जेल जाने के बाद उसी की कमाई से घर का खर्च चलता था। कभी वह धान की रोपाई कर लेता था तो कभी वह मजदूरी कर लेता था। बड़ा लड़का बाहर रहकर काम करता है। उससे छोटा कोई भी काम धंधा नहीं करता है और वह घर पर ही रहता है। काम धंधा करके घर का खर्च चलाने वाले बेटे के जाने के बाद अब उसके पास कोई सहारा भी नहीं रह गया है। 
         मौके पर पहुंचे ग्राम प्रधान पति वीरेंद्र कुमार ने महिला को हर संभव सहयोग करने का आश्वासन भी दिया। मौके पर मौजूद किसानों से भी पुलिस ने पूछताछ की। 

  मैलानी थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार यादव ने बताया कि मामला संदेहास्पद लग रहा है। सही स्थिति जानने के लिए ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments