Breaking

शुक्रवार, 30 जून 2023

खीरी जिलाधिकारी कार्यालय के सेवानिवृत्त कर्मचारियों का विदाई समारोह संपन्न

सेवानिवृत्त अभिलेख पाल ( माल) प्रमोद कुमार श्रीवास्तव ने साझा की अपने संघर्षकाल की स्मृतियां

लखीमपुर। लखीमपुर जिलाधिकारी कार्यालय में सेवानिवृत्त कर्मचारियों का विदाई समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने की।

उल्लेखनीय है कि जिलाधिकारी कार्यालय में सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों की साथी कर्मचारी बड़ी धूमधाम से विदाई करते हैं। आज इसी क्रम में अभिलेख पाल माल प्रमोद श्रीवास्तव के सेवानिवृत्त होने पर सहकर्मियों ने उनकी कर्तव्यपरायणता, नियमितता एवं समर्पण की सराहना करते हुए उनके सम्मान में समारोह का आयोजन कर उन्हें भावभीनी विदाई दी। इसी के साथ सेवानिवृत्त चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी उमा देवी को भी सम्मानित कर भावभीनी विदाई दी गयी। 

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अपर जिलाधिकारी खीरी श्री सिंह ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि वह सेवा के बंधनों से आजाद हो रहे हैं अब अपने परिवार एवं सामाजिक दायित्वों का निर्वहन पूरी तरह से कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन सदैव उनके साथ है। अपर जिलाधिकारी श्री सिंह ने सेवानिवृत्त अभिलेख पाल श्री प्रमोद कुमार श्रीवास्तव के सेवाकाल की भूरि भूरि प्रशंसा की।
 इससे पूर्व सहकर्मियों के स्नेह से भाव विभोर हुए अभिलेख पाल ( माल) श्री श्रीवास्तव ने कहा सेवाकाल में जो स्नेह जिला प्रशासन के सहकर्मियों से मिला वह अतुलनीय है। सहकर्मियों एवं अधिकारियों की स्नेहिल स्मृतियों को वह आजीवन संजोकर रखेंगे। श्री श्रीवास्तव ने कहा कि समाज के वंचित वर्ग एवं दिव्यांगजनो के लिए वो सेवाकाल में भी व्यक्तिगत समय मे प्रयासरत रहते थे, अब सेवानिवृत्त होने के बाद वह अधिक से अधिक समय समर्पित कर उनके उत्थान में लगाएंगे। उन्होंने अपने संघर्षकाल की स्मृतियां साझा करते हुए बताया कि सेवाकाल में तमाम उतार चढ़ाव देखे, आंदोलन किये और संघर्षरत 26 कर्मचारियों की नौकरी लगने के बाद स्वयं नौकरी स्वीकारी। लेकिन हर संघर्ष के बाद उन्होंने विजय हांसिल की। 

इस बीच दैनिक जनजागरण न्यूज ( डिजिटल) की तरफ से पत्रकार अनिल कुमार श्रीवास्तव ने सेवानिवृत्त श्री प्रमोद कुमार श्रीवास्तव को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में जिलाधिकारी कार्यालय के अधिकारी, कर्मचारी, पत्रकार एवं समाज के संभ्रांत लोग उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments