Breaking

शनिवार, 20 सितंबर 2025

रोटरी क्लब ने 75 टीबी मरीजों को गोद लेकर दी जीवनदायिनी पोषण पोटली

लखनऊ। समाज की संवेदनशील धड़कनों में जब करुणा और कर्तव्य एक साथ जुड़ते हैं, तभी बदलाव की नींव रखी जाती है। रामसागर मिश्रा 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय, बक्शी का तालाब में आज ऐसा ही एक दृश्य सामने आया, जब रोटरी क्लब लखनऊ ने 75 टीबी मरीजों को गोद लेकर उन्हें जीवन संबल बनी पोषण पोटली प्रदान की।

कार्यक्रम की गरिमा तब और बढ़ गई जब मुख्य अतिथि प्रोफेसर डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद ने पुष्प भेंट कर शुभारंभ किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि “यह पहल केवल मरीजों को पोषण देने की नहीं, बल्कि उन्हें जीवन में आशा और विश्वास लौटाने की है। दवा और पोषण के संतुलन से ही शीघ्र स्वास्थ्य लाभ संभव है।”

जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अतुल कुमार सिंघल ने प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान और स्वस्थ नारी सशक्त परिवार पखवाड़ा की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उनका लक्ष्य है अधिक से अधिक निश्चय मित्र बनाकर जनपद के सभी टीबी मरीजों तक पोषण और उपचार पहुंचाना।

विशेष उल्लेखनीय रहा कि 75 मरीजों में से 34 महिला रोगियों को पखवाड़े के अंतर्गत विशेष पोषण पोटली प्रदान की गई। यह न केवल उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा है बल्कि परिवार और समाज को मजबूत बनाने का भी संदेश है।

रोटरी क्लब से जुड़े अजय सक्सेना ने भावुकता के साथ कहा “हमें गर्व है कि हम इन मरीजों के जीवन में थोड़ी सी रोशनी जोड़ पा रहे हैं। यह प्रयास आगे भी जारी रहेगा।”

चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वी.के. शर्मा ने रोटरी क्लब और प्रोफेसर राजेंद्र प्रसाद का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य टीबी मरीजों को स्वास्थ्य और उम्मीद, दोनों उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी गणमान्यजनों ने मरीजों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। इस अवसर पर डॉ. सुमित महाराज, रोटरी क्लब अध्यक्ष पंकज अग्रवाल, श्री अनुराग अग्रवाल, सुमित तिवारी, योगिता मिश्रा, आरती सक्सेना, डॉ. उमाशंकर, रामजी वर्मा, जन्मेजय सिंह, अजीत यादव, विवेक बाजपेई सहित कई समाजसेवियों और चिकित्सकों की सहभागिता रही।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments