Breaking

शनिवार, 24 सितंबर 2022

भोलेनाथ का श्रंगार कर जूनियर हाईस्कूल शिक्षकों ने मनाया अपनी ऐतिहासिक भर्ती दिवस का उत्सव


● 29334 गणित विज्ञान ऐतिहासिक भर्ती के शिक्षको ने शहर के कुष्ठ रोगी अस्पताल पहुंचकर फल, बिस्किट, तेल, साबुन आदि चीजें वितरित कीं।
 ● अभूतपूर्व ऐतिहासिक भर्ती के सात वर्ष पूरे होने पर भुईफोरवा नाथ मंदिर में सम्पन्न हुई बैठक के दौरान शिक्षकों ने अपने संघर्ष के समय की स्मृतियां सजीव कीं, साथ ही सेवा व शैक्षिक विकास का संकल्प लिया।
● 29334 गणित विज्ञान शिक्षक भर्ती के जूनियर शिक्षक हर साल 23 सितंबर को मनाते हैं स्वर्णिम दिवस


29334 गणित, विज्ञान जूनियर शिक्षक मोर्चा की लखीमपुर इकाई ने अपनी ऐतिहासिक भर्ती के स्वर्णिम दिवस को स्थानीय भुईफ़ोरवा नाथ मन्दिर में भगवान भोलेनाथ की आराधना व कुष्ठ रोगियों की सेवा कर मनाया। इस बीच शिक्षकों ने मन्दिर प्रांगण में एक बैठक कर अपने संघर्षकाल की स्मृतियां सजीव कीं।
उल्लेखनीय है कि 23 सितंबर 2015 एक ऐतिहासिक दिन था जब जिले के लगभग 600 प्रतिभावान प्रतिभागियों को जूनियर हाईस्कूल में गणित तथा विज्ञान विषय के शिक्षक के रूप में भर्ती मिली। लगभग दो वर्षों तक न्यायालय में लंबित रही इन भर्तियों ने प्रतिभागियों को आर्थिक व मानसिक रूप से तोड़ कर रख दिया था। न्याय के लिए प्रयासरत इन प्रतिभागी प्रतिभाओं ने अपनी मानसिक दृढ़ता को बढ़ाने के लिए ईश्वर का आशीर्वाद लिया। और अपनी परेशानियों को शहर के प्रसिद्ध मंदिर भुईफोरवा नाथ में स्थापित देवों के देव शिव के समक्ष रख ईश्वर की शरण मे आ गए। जिससे उनमें आशीर्वाद स्वरूप नई ऊर्जा का संचार हुआ। और इस प्रकार कठिन परिस्थितियों में भी आशा की नई किरणों का संचार हुआ। अंततः 23 सितंबर को इन प्रतिभाओं ने अपने संघर्षों में सफलता प्राप्त की और ये जूनियर हाईस्कूल के शिक्षक बने। अपनी इस ऐतिहासिक सफलता को यादगार बनाने व ईश्वर के प्रति आभार प्रकट करने के उद्देश्य से गणित विज्ञान जूनियर हाईस्कूल मोर्चा के शिक्षक प्रतिवर्ष 23 सितंबर को भुईफोरवा नाथ मंदिर पर एकत्र होकर ईश्वर के प्रति अपना आभार प्रकट करते हैं तथा गरीब, वंचित, कुष्ठरोगियों की सेवा कर अपने सामाजिक दायित्व का निर्वहन करते हैं।


इसी क्रम में 29334 गणित विज्ञान जूनियर हाईस्कूल शिक्षक भर्ती की लखीमपुर इकाई ने आज यहां भुईफोरवा नाथ मंदिर में एकत्र होकर भगवान शिव की पूरे विधि विधान से पूजा अर्चना की। इस दौरान बाबा महादेव का श्रंगार पूजन किया गया। लगभग डेढ़ घण्टे चली इस पूजा अर्चना के बाद शिक्षकों ने शहर के कुष्ठरोग अस्पताल जाकर कुष्ठ रोगियों को फल, बिस्किट, टॉफी, साबुन, तेल आदि आवश्यक सामग्रियों का वितरण किया। इस बीच शिक्षकों ने मन्दिर प्रांगण पर एकत्र होकर अपने संघर्षकाल की स्मृतियां भी सजीव की। बैठक में उपस्थित शिक्षकों ने एक दूसरे को बधाई दी तथा परिषदीय बच्चों की बुनियादी शिक्षा के उत्थान में अपना शत प्रतिशत योगदान देकर बच्चों के शैक्षिक स्तर में बृद्धि का संकल्प लिया। बैठक का समापन सूक्ष्म जलपान से किया गया।
कार्यक्रम का संयोजन सुधीर वर्मा, आशीष प्रताप श्रीवास्तव, मनीष मिश्रा, विमलेश वर्मा, पंकज वर्मा, वीरेंद्र कुमार, गणेश वर्मा, संदीप चौरसिया, आदित्य गुप्ता, सौरभ श्रीवास्तव ने सामुहिक रूप से किया तथा इस अवसर पर नीरज कुमार, स्वाति श्रीवास्तव, मुग्धा त्रिवेदी, अनुराग सक्सेना, सौरभ कुमार, अनिल श्रीवास्तव सहित कई जूनियर मोर्चा शिक्षक, शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

2 टिप्‍पणियां:

  1. 23 सितंबर स्वर्णिम दिवस की सभी शिक्षकों को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं 🌹🌹

    जवाब देंहटाएं
  2. अनिल कुमार श्रीवास्तव24 सितंबर 2022 को 4:27 pm बजे

    बेहतरीन विचार गणित विज्ञान जूनियर हाईस्कूल शिक्षको के सेवाभाव को नमन 🙏

    जवाब देंहटाएं

Post Comments